- नेशनल पार्क के जंगल में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई
बीजापुर : छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के मद्देड़ थाना क्षेत्र के बंदेपारा-कोरंजेड नेशनल पार्क एरिया में रविवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो महिला नक्सलियों सहित पांच वर्दीधारी नक्सली मारे गए। मौके से हथियार, विस्फोटक सामग्री और नक्सली साहित्य बरामद किया गया है।
सर्च अभियान के दौरान मुठभेड़
बस्तर आईजी सुंदरराज पी. ने बताया कि सुरक्षाबलों ने नक्सल विरोधी सर्च अभियान के तहत 11 जनवरी को जंगल में दबिश दी थी। नक्सलियों ने सुरक्षाबलों को देखकर गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद जवाबी कार्रवाई में दो महिला और तीन पुरुष नक्सलियों को मार गिराया गया।
बरामद हुए हथियार और सामग्री
सर्चिंग के दौरान सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ स्थल से एक एसएलआर, एक 12 बोर की बंदूक, दो सिंगल शॉट राइफल, एक बीजीएल लांचर, एक देशी भरमार गन, विस्फोटक पदार्थ और नक्सली साहित्य बरामद किया है।
शाम तक चलती रही मुठभेड़
आईजी ने बताया कि जंगल में यह मुठभेड़ दोपहर 3 से 4 बजे तक चलती रही। सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ स्थल से पांच वर्दीधारी नक्सलियों के शव बरामद किए हैं। इनकी पहचान की जा रही है और विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

