रांची : रांची रेल मंडल में आरपीएफ कमांडेंट पवन कुमार के नेतृत्व में चलाए जा रहे ऑपरेशन नार्कोस के तहत गांजा तस्करी के खिलाफ लगातार सफलता मिल रही है। इसी क्रम में, 29 जनवरी को रांची रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की फ्लाइंग टीम, आरपीएफ रांची और सीआईबी रांची की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता मिली। रांची स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर ओवरब्रिज के नीचे तीन संदिग्ध व्यक्तियों को बैगों में भारी सामान के साथ बैठे देखा गया। संदिग्ध गतिविधि देख उन्हें हिरासत में लिया गया और जांच के दौरान उनके बैगों से मारिजुआना (गांजा) बरामद हुआ।

संदिग्ध व्यक्तियों के नाम चंदा कुमार चौधरी (27 वर्ष), अभिषेक प्रधान (31 वर्ष) और उपेंद्र चौधरी (36 वर्ष) बताए गए, जो सभी बक्सर (बिहार) के निवासी हैं। जांच में यह पाया गया कि उनके पास कुल आठ बोरियों में 45 किलोग्राम गांजा था। सहायक सुरक्षा आयुक्त अशोक कुमार सिंह की उपस्थिति में गांजा पैकेटों की डीडी किट से जांच की गई, जो पॉजिटिव पाई गई। बरामद गांजा की कीमत लगभग ₹4,50,000/- बताई जा रही है। सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद गांजा और संदिग्धों के मोबाइल फोन को जब्त कर लिया गया। मामले की आगे की जांच के लिए जीआरपी रांची को सौंप दिया गया है और केस दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई में आरपीएफ के निरीक्षक शिशुपाल कुमार, उपनिरीक्षक सोहन लाल और कमल दास, एएसआई रवि शेखर, स्टाफ सदस्य एमडी अलीम, आर.के. सिंह, हेमंत, डी के जीतरवाल, और वी एल मीना शामिल थे।
:

