
Garhwa : जिला मुख्यालय स्थित गोविंद हाईस्कूल मैदान में शुक्रवार की देर शाम को सीएम हेमंत सोरेन का पुतला फूंका गया। इसके साथ ही सरकार विरोधी नारेबाजी भी हुई। इसको लेकर आंदोलनकारी छात्रों और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) कार्यकर्ताओं के बीच बवाल हो गया। देखते ही देखते मारपीट होने लगी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि झारखंड हाईकोर्ट के आदेश के बाद परीक्षा और बहाली प्रक्रिया रद्द होने से नाराज आंदोलनकारी छात्र गोविंद हाईस्कूल के मैदान में मुख्यमंत्री का पुतला लेकर पहुंचे थे। छात्र झारखंड सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला फूंकने की तैयारी कर रहे थे। मुख्यमंत्री का पुतला लेकर सरकार विरोधी नारेबाजी करने से वहां मौजूद झामुमो कार्यकर्ता नाराज हो गए और उन्होंने इसका विरोध किया।
इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला मारपीट और झड़प तक पहुंच गया। घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पदाधिकारी कुमार मयंक भूषण के नेतृत्व में प्रशासनिक महकमा मौके पर पहुंचा और दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। प्रशासनिक अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ।
आंदोलनकारी छात्रों का आरोप है कि झामुमो कार्यकर्ताओं ने उनके साथ मारपीट की। छात्रों ने आरोप लगाया कि गढ़वा में झामुमो कार्यकर्ताओं ने पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर के इशारे पर आंदोलनकारी छात्रों के साथ मारपीट की है। छात्रों का कहना है कि पूरी घटना का वीडियो उनके पास है और वे वीडियो के आधार पर इस घटना में संलिप्त झामुमो कार्यकर्ताओं के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग करेंगे। घटना के बाद आंदोलनकारी छात्रों में आक्रोश है।
Read Also: JPSC-JSSC विवाद पर छात्रों और JMM कार्यकर्ताओं में हिंसक झड़प, पुलिस ने छात्रों पर किया लाठी चार्ज


