गढ़वा। शहर के ऊंचरी मोहल्ला में संचालित एक अवैध बूचड़खाने पर शनिवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। एसडीएम संजय पांडेय और एसडीपीओ नीरज कुमार के नेतृत्व में छापेमारी की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में पशुओं की खाल और प्रतिबंधित मांस बरामद किया गया।
प्रशासन को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में अवैध रूप से बूचड़खाना संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर एक संयुक्त टीम का गठन किया गया, जिसमें पशुपालन विभाग, खाद्य आपूर्ति विभाग, नगर परिषद और स्थानीय थाना पुलिस शामिल थी। टीम जब मौके पर पहुंची तो वहां की स्थिति देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए।
छापेमारी के दौरान करीब 250 पशुओं की खाल और बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित मांस बरामद किया गया। दो टिन शेड के कमरों में अवैध गतिविधियों के स्पष्ट प्रमाण मिले। चारों ओर पशुओं की हड्डियां, खाल और मांस बिखरे पड़े थे। टीम ने करीब एक घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया।
कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद संचालक फरार हो गया। प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जब्त किए गए मांस और खाल को कानूनी प्रक्रिया के तहत नष्ट कर दिया। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई और नमूनों को जांच के लिए भेजा गया है।
प्रशासन ने ध्वस्त कराया
जिला पशुपालन पदाधिकारी ने प्रारंभिक जांच में अवैध गतिविधियों की पुष्टि की है। इसके बाद प्रशासन ने बूचड़खाने को मौके पर ही ध्वस्त कर दिया। एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस तरह के अवैध और अनैतिक कारोबार किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। जांच में दोषी पाए जाने वालों पर झारखंड गोवंशीय पशु हत्या प्रतिषेध अधिनियम 2005 के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि ऐसी गतिविधियों की सूचना तुरंत दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

