सेंट्रल डेस्क : भारतीय अरबपति और अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी पर अमेरिका में गंभीर आरोप लगाए गए हैं। उन पर अपनी कंपनी के निवेशकों को धोखा देने का आरोप है, जिसके तहत उन्हें 265 मिलियन डॉलर (करीब 2236 करोड़ रुपये) की रिश्वत देने और इसे छिपाने का आरोप लगाया गया है। यह आरोप अडानी ग्रुप की एक प्रमुख कंपनी अडानी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड और एक अन्य फर्म से जुड़े हुए हैं।
क्या हैं आरोप
अमेरिका के सिक्योरिटी एंड एक्सचेंज कमीशन (SEC) ने बुधवार को इस मामले में गौतम अडानी, उनके भतीजे सागर अडानी, अडानी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड के अधिकारियों और एक अन्य फर्म एज्योर पावर ग्लोबल लिमिटेड के कार्यकारी सिरिल काबेनेस के खिलाफ आरोप लगाए हैं। आरोप यह है कि गौतम अडानी और उनके अन्य सहयोगियों ने अपनी रिन्यूएबल एनर्जी कंपनी को महत्वपूर्ण कॉन्ट्रैक्ट दिलाने के लिए भारतीय सरकारी अधिकारियों को रिश्वत देने की साजिश रची थी। इसके लिए उन्होंने लगभग 265 मिलियन डॉलर की रिश्वत दी और इसे छिपाने की कोशिश की।
रिश्वत देने की योजना का मकसद
रिपोर्ट के मुताबिक यह रिश्वत 2020 से 2024 के बीच दी गई थी और इस पूरे मामले से अडानी ग्रुप को अरबों डॉलर का मुनाफा होने की उम्मीद थी। यह कॉन्ट्रैक्ट भारत के सबसे बड़े सौर ऊर्जा संयंत्र परियोजना से जुड़ा था, जिसके जरिए अगले 20 सालों में अडानी ग्रुप को लगभग 2 अरब डॉलर का मुनाफा होने का अनुमान था।
अधिकारियों का कहना है कि इस समझौते के तहत अडानी ग्रुप ने अमेरिकी निवेशकों और बैंकों से अपने भ्रष्टाचार को छिपाते हुए 3 अरब डॉलर से ज्यादा के लोन और बांड जुटाए थे। यह आरोप अडानी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड के पूर्व सीईओ विनीत जैन पर भी लगाया गया है जो 2020 से 2023 तक कंपनी के CEO थे।
अडानी की संपत्ति और कंपनी के हालात
ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स इंडेक्स के मुताबिक गौतम अडानी की कुल संपत्ति 85.5 अरब डॉलर (करीब 7 लाख करोड़ रुपये) है और वह इस समय दुनिया के सबसे अमीर व्यक्तियों की लिस्ट में 18वें स्थान पर हैं। हालांकि, पिछले 24 घंटों में उन्हें 295 मिलियन डॉलर का घाटा हुआ है। वहीं, अडानी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड का मार्केट कैपिटलाइजेशन फिलहाल 2.24 लाख करोड़ रुपये है।
अडानी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड के शेयरों पर असर
अमेरिका में लगे आरोपों का असर अडानी ग्रुप की कंपनी अडानी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड के शेयरों पर भी पड़ा है। भारतीय शेयर बाजार में गिरावट के दौर में अडानी ग्रीन के शेयरों में भी लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। बीते एक महीने में इसके शेयर की कीमत में 17.76 फीसदी की गिरावट आई है, और मंगलवार को यह 3 फीसदी से ज्यादा टूटकर 1407 रुपये पर बंद हुआ।
क्या आगे बढ़ेगा मामला
अमेरिका में लगाए गए इन आरोपों के बाद अडानी ग्रुप के लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं। हालांकि, अडानी ग्रुप ने अभी तक इन आरोपों का खंडन किया है, लेकिन इस मामले की जांच जारी है। SEC ने कहा है कि वह इस मामले में और भी साक्ष्य जुटाने की कोशिश कर रहा है। इस बीच, भारतीय निवेशक और अडानी ग्रुप के समर्थक इस मामले की पल-पल की जानकारी पर नजर बनाए हुए हैं।
इस आरोप ने अडानी ग्रुप और उनके बिजनेस साम्राज्य पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं, और अब यह देखना होगा कि इस मामले का आगे क्या असर होगा, खासकर निवेशकों और शेयर बाजार पर।
Read Also- RJD विधायक अजय यादव के भाई विवेक को STF ने किया गिरफ्तार, हत्या के मामले में है आरोपी

