Home » Baba Baidyanath Temple : बाबा बैद्यनाथधाम के दर पर पहुंचे गौतम अडानी, जानें पूजा करने के बाद क्या कहा

Baba Baidyanath Temple : बाबा बैद्यनाथधाम के दर पर पहुंचे गौतम अडानी, जानें पूजा करने के बाद क्या कहा

by Rakesh Pandey
Baba Baidyanath Temple
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

देवघर : देश के प्रमुख उद्योगपति और अडानी समूह के चेयरमैन गौतम अडाणी ने रविवार को झारखंड के देवघर स्थित विश्वप्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम में विधिवत पूजा-अर्चना की। निजी विमान से देवघर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद वे सीधे बाबा मंदिर गए, जहां सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।

मंदिर परिसर पहुंचने पर उन्हें पहले प्रशासनिक भवन ले जाया गया। यहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से संकल्प कराया गया। उनके पुश्तैनी तीर्थ पुरोहित दानी नरौने और सहयोगियों ने पारंपरिक रीति से पूजा की प्रक्रिया संपन्न कराई। इसके बाद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्हें गर्भगृह में प्रवेश कराया गया, जहां उन्होंने बाबा भोलेनाथ के समक्ष विशेष पूजा-अर्चना की। वे लगभग सात मिनट तक गर्भगृह में रहे।

‘मन की शांति के लिए आया हूं’ : गौतम अडानी

पूजा-अर्चना के उपरांत गौतम अडानी ने कहा कि लंबे समय से उनकी इच्छा थी कि वे बाबाधाम आकर बाबा बैद्यनाथ के दर्शन करें। उन्होंने कहा कि आज चरणों में माथा टेककर उन्हें मन की शांति प्राप्त हुई है। उन्होंने भगवान से झारखंड और पूरे भारत की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। मंदिर प्रशासन की ओर से जिला खेल पदाधिकारी सह बाबा मंदिर के सहायक प्रभारी संतोष कुमार ने उन्हें बाबा भोले का प्रतीक चिह्न भेंट किया। उनके साथ निजी सुरक्षा कर्मी भी मौजूद रहे।

फिर पिरपैंती के लिए रवाना

देवघर में पूजा-अर्चना के बाद वे बिहार के पिरपैंती में प्रस्तावित अडानी समूह के पावर प्लांट प्रोजेक्ट का जायजा लेने के लिए रवाना हो गए। माना जा रहा है कि इस परियोजना का क्षेत्रीय औद्योगिक विकास और ऊर्जा क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान हो सकता है। देवघर का बाबा बैद्यनाथ धाम देश के 12 ज्योतिर्लिंगों में एक प्रमुख तीर्थस्थल है, जहां प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में देश के शीर्ष उद्योगपति का यहां आगमन धार्मिक आस्था के साथ-साथ क्षेत्रीय विकास की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Read Also- Palamu Mob Lynching : Palamu में मॉब लिंचिंग : बैटरी चोरी के शक में युवक की पीट-पीट कर हत्या, जानें कितने लोग हिरासत में

Related Articles

Leave a Comment