Giridih : गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र के भूपतडीह गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई हवाई फायरिंग और मारपीट की घटना में पुलिस ने फौरन कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों को मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।जमुआ थाना प्रभारी ने मंगलवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी रामू साव है। वह जमुआ थाना क्षेत्र के द्वारपहर का निवासी है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी इसी घटना में की गई है।
उन्होंने बताया कि रविवार को भूपतडीह में जमीन खरीद-बिक्री से जुड़े विवाद को लेकर यह घटना घटी थी। आरोप है कि संतोष कुमार विश्वकर्मा से जमीन खरीदने के बाद भुगतान नहीं करने के विवाद में रामू साव और विजय साव ने पहले हवाई फायरिंग कर इलाके में दहशत फैलाई। फिर पिस्टल की बट से मारपीट की।घटना की सूचना मिलते ही जमुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से खोखा बरामद किया। इसके बाद पुलिस ने फौरन छापेमारी कर रामू साव समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
सोमवार देर शाम सभी को सदर अस्पताल में मेडिकल जांच कराकर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Read also Jamshedpur News : मानगो बनेगा नया पुलिस अनुमंडल, उच्चस्तरीय समिति ने दी स्वीकृति

