
Gumla : गुमला जिले के चैनपुर में जलापूर्ति योजना के कार्यस्थल पर देर रात हथियारबंद लोगों ने पहुंचकर हंगामा किया और पाइपलाइन बिछाने का काम जबरन बंद करा दिया। घटना के बाद निर्माण कार्य में लगे मजदूरों और इंजीनियरों में दहशत का माहौल है। मामले की शिकायत पुलिस से की गई है, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई है।
गौरतलब है कि पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, गुमला के तहत चैनपुर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में जलापूर्ति योजना के लिए पाइपलाइन बिछाने का कार्य चल रहा था। चैनपुर बस स्टैंड के समीप मुख्य बाजार मार्ग पर रात के समय मजदूर पाइपलाइन बिछाने में जुटे थे। इसी दौरान 5-6 लोग कुल्हाड़ी, टांगी, लाठी और अन्य हथियार लेकर वहां पहुंचे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हथियारबंद लोगों ने मजदूरों और जेसीबी ऑपरेटर को तत्काल काम बंद कर वहां से चले जाने की धमकी दी। जब कार्यस्थल पर मौजूद इंजीनियर ने इसका कारण पूछा तो आरोपितों ने गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।
स्थिति को देखते हुए इंजीनियर ने मजदूरों और मशीनों को सुरक्षित वापस भेज दिया, जिससे पाइपलाइन बिछाने का कार्य बीच में ही रोकना पड़ा। निर्माण कार्य रुकने से सड़क पर खुदाई की मिट्टी और पाइप खुले पड़े हैं, जिससे राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है।
घटना के संबंध में कार्य निष्पादन एजेंसी एमएस आलोक कुमार सिंह के जूनियर इंजीनियर अमन कुमार ने चैनपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोपितों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा कार्यस्थल पर सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर
दी है।

