Gumla (Jharkhand) : झारखंड के गुमला जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां प्रेम प्रसंग में दो नाबालिगों ने अपनी जान दे दी। यह घटना गुमला के बिशुनपुर प्रखंड मुख्यालय में हुई, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली 14 वर्षीय अंतरा कुमारी ने शुक्रवार को अपने ही घर में दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने बताया कि घटना के समय घर में कोई नहीं था। घटना से ठीक पहले, उसके प्रेमी पवन उरांव का फोन आया था और दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी।
प्रेमी ने भी की खुदकुशी
जब नवागढ़ सेरका निवासी 16 वर्षीय पवन उरांव को अंतरा की मौत की खबर मिली, तो वह गहरे सदमे में आ गया। इस दुख को बर्दाश्त न कर पाने के कारण उसने भी अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
परिजनों द्वारा दोनों किशोर-किशोरी को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेजा है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

