संभल/फिरोजाबाद/शाहजहांपुर : हनुमान जयंती 2025 के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में भव्य धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। भक्तिभाव से ओतप्रोत इन आयोजनों में हनुमान चालीसा पाठ, शोभायात्रा, और प्रसाद वितरण जैसे कार्यक्रम शामिल रहे। इस अवसर पर हजारों श्रद्धालु बजरंगबली की भक्ति में लीन नजर आए।
संभल: 46 साल बाद कार्तिकेय महादेव मंदिर में हनुमान चालीसा का 1008 बार पाठ
संभल जिले के खग्गू सराय स्थित प्राचीन कार्तिकेय महादेव मंदिर में 46 वर्षों बाद कपाट खुलने के बाद पहली बार हनुमान चालीसा का 1008 बार पाठ किया गया। मंदिर में आयोजित इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल से जुड़े कई कार्यकर्ता और स्थानीय श्रद्धालु शामिल हुए।
यह मंदिर 14 दिसंबर 2024 को पुलिस प्रशासन द्वारा खोला गया था, जिसके बाद से यहां 24 घंटे पुलिस सुरक्षा और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में धार्मिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं। हनुमान जयंती पर पहली बार आयोजित इस पाठ से मंदिर प्रांगण गूंज उठा और श्रद्धालुओं ने “जय बजरंगबली” के जयकारे लगाए।
विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष अनंत अग्रवाल ने बताया कि जिलेभर में 51008 हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन विभिन्न देवालयों, शिवालयों और मंदिरों में किया गया।
फिरोजाबाद: 150 फीट लंबी पूंछ वाली हनुमान शोभायात्रा ने मोहा मन
फिरोजाबाद में हनुमान जयंती 2025 पर एक अनूठी और भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसकी सबसे बड़ी विशेषता थी 150 फीट लंबी पूंछ वाले हनुमान जी की झांकी। यह शोभायात्रा सदर बाजार स्थित राधाकृष्ण मंदिर से आरंभ होकर गांव चंद्रवार स्थित पसीना वाले हनुमानजी मंदिर तक लगभग 15 किलोमीटर की दूरी तय करती है।
भक्तजन इस पूंछ को श्रद्धा के साथ अपने कंधों पर रखकर यात्रा पूरी करते हैं। मान्यता है कि इस पूंछ को कंधे पर उठाने वाले श्रद्धालुओं की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
आयोजक विनोद उर्फ बंटी वर्मा और नवीन कुलश्रेष्ठ के अनुसार, यह परंपरा 2007 से निरंतर जारी है और हर वर्ष हनुमान जी की पूंछ की लंबाई में वृद्धि की जाती है। प्रारंभ में यह 125 फीट थी, जो अब बढ़कर 150 फीट हो चुकी है।
शाहजहांपुर: वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने भक्तों को परोसा प्रसाद
शाहजहांपुर में उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने हनुमान जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। हनुमत धाम में उन्होंने 104 फीट ऊंची हनुमान प्रतिमा के समक्ष भक्तों के साथ पूजा-अर्चना की और भंडारे में स्वयं भक्तों को प्रसाद परोसा।
गौरतलब है कि यह विशाल प्रतिमा जन सहयोग से तैयार की गई है, जिसका मार्गदर्शन स्वयं सुरेश खन्ना ने किया था। हनुमत धाम अब उत्तर भारत का प्रमुख धार्मिक स्थल बनता जा रहा है।

