चाईबासा। पश्चिम सिंहभूम के जिला पुलिस और आबकारी विभाग ने चाईबासा मुफस्सिल थानांतर्गत लतार सीका में छापामारी कर वहां संचालित एक अवैध महुआ शराब चुलाई भट्ठी को ध्वस्त कर दिया। अधिकारियों ने वहां से बड़ी मात्रा में अवैध महुआ शराब एवं प्लास्टिक के ड्रमों में भरा हजारों किलो जावा महुआ भी बरामद किया।
गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी
मिली जानकारी के अनुसार चाईबासा पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मुफस्सिल थाना अंतर्गत लतार सीका में अवैध महुआ शराब चुलाई भट्ठी चल रहा है। सूचना के बाद पुलिस और उत्पाद विभाग ने छापामारी की। अधिकारियों ने वहां अवैध शराब चुलाई भट्ठी को ध्वस्त कर दिया, जबकि वहां से करीब महुआ की अवैध चुलाई शराब भी बरामद किया। इसके अलावा वहां रखे गये प्लास्टिक ड्रमों में भरा करीब 4000 किलो अवैध जावा महुआ भी बरामद किया गया, जिसे अधिकारियों ने उसी स्थान पर नष्ट कर दिया।
भट्ठी संचालक फरार
हालांकि छापामार दल के आने की भनक मिल जाने के कारण भट्ठी संचालक समय रहते वहां से फरार हो जाने में कामयाब रहे। आबकारी विभाग ने इस संबंध में अवैध भट्ठी संचालकों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई आरंभ कर दी है।

