खेल डेस्क, नई दिल्ली : भारत बनाम वेस्टइंडीज के बीच 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज 12 जुलाई से होने वाला है। भारतीय क्रिकेट टीम बारबाडोस में 5 दिन तक प्रैक्टिस करने के बाद डोमिनिका पहुंच चुकी है। भारतीय टीम 7 जुलाई को बारबाडोस से डोमिनिका के लिए रवाना हो गई, जहां 12 जुलाई को शाम 7:30 बजे से पहला टेस्ट मैच खेला जाएगा। इसके बाद 20 जुलाई को दूसरा टेस्ट होगा। टीम इंडिया इस वेन्यू पर लंबे समय के बाद खेलने जा रही है।
इस टेस्ट सीरीज के लिए अजिंक्य रहाणे को जहां टीम इंडिया का उपकप्तान बनाया गया है। वहीं यशस्वी जायसवाल का टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू तय माना जा रहा है, जिसमें वह नंबर-3 की पोजीशन पर खेलते हुए दिख सकते हैं। आइसीसी टेस्ट रैंकिंग में भारतीय टीम इस समय दुनिया में नंबर वन टीम है।

इन खिलाड़ियों पर होंगी सबकी निगाहें
भारतीय टीम के युवा ओपनिंग बल्लेबाज शुभमन गिल के प्रदर्शन पर भी सभी की नजरें रहने वाली हैं। WTC फाइनल में उनका बल्ला खामोश देखने को मिला था,वेस्टइंडीज की पिचों को देखते हुए रवींद्र जडेजा एक बार फिर से अहम साबित हो सकते हैं. वहीं केएस भरत की जगह पर टीम मैनेजमेंट इशान किशन को मौका देने का विचार कर सकती है। मोहम्मद सिराज इस टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया के तेज गेंदबाजी का नेतृत्व करते हुए दिखाई देंगे।वहीं अक्षर पटेल को प्लेइंग 11 में शामिल करने का फैसला डोमिनिका की पिच को देखने के बाद लिया जाएगा। वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया में लंबे समय के बाद नवदीप सैनी की वापसी देखने के मिली है।ऐसे में शमी की गैरमौजूदगी में सैनी को मौका भी मिल सकता है. नवदीप ने आखिरी बार सार 2021 में गाबा में टेस्ट मैच खेला था।

ईशान किशन -विराट कोहली ने की मस्ती
BCCI ने शनिवार सुबह करीब 7 बजे अपने सोशल मीडिया हैंडल पर खिलाड़ियों की फोटोज पोस्ट कीं। इसमें कप्तान रोहित शर्मा, हेड कोच राहुल द्रविड़, उप कप्तान अजिंक्य रहाणे, यशस्वी जायसवाल नजर आए. वहीं एक फोटो में ईशान किशन और विराट कोहली साथ बैठकर हंसी-मजाक करते दिखे। भारतीय टीम के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली अक्सर मैदान पर खिलाड़ियों के साथ मस्ती करते हुए नजर आते है। हालांकि, इस बार उनकी कुछ तस्वीरें वायरल हो रही हैं। जिसमें वह युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन के साथ जमकर मस्ती करते हुए नजर आ रहे है। वहीं दोनों के बीच अच्छा याराना भी देखने को मिल रहा है।
टेस्ट के बाद 3 वनडे और 5 टी-20
टेस्ट के बाद से 27 जुलाई से 3 वनडे मैचों की सीरीज शुरू होगी।फिर 3 अगस्त से 13 अगस्त तक 5 टी-20 मैचों की सीरीज भी होगी, जिसके 2 मुकाबले अमेरिका के फ्लोरिडा में भी खेले जाएंगे।


