Jamshedpur : झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक) की मैट्रिक और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा जमशेदपुर सहित पूरे झारखंड में मंगलवार तीन फरवरी से प्रारंभ हाेने जा रही है। जिले में इस बार कुल 39643 परीक्षार्थी शामिल होंगे। मैट्रिक की परीक्षा सुबह 9.45 से दोपहर एक बजे तक होगी। जबकि, इंटरमीडिएट की परीक्षा द्वितीय पाली में दोपहर बाद दो बजे से शाम 5.15 बजे तक होगी।

परीक्षा के लिए लगाई गई 700 से अधिक शिक्षकों की ड्यूटी
मैट्रिक की परीक्षा के लिए धालभूम अनुमंडल के 44 व घाटशिला अनुमंडल में 23 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा के लिए 700 से अधिक शिक्षकाें की ड्यूटी लगायी गयी है। इसके अलावा हर केंद्र पर पानी का इंतजाम परीक्षार्थियाें के लिए सुनिश्चित कराने काे कहा गया है।
डीईओ कार्यालय की ओर से सभी केंद्राधीक्षकाें काे कदाचार मुक्त परीक्षा संपन्न कराने का आदेश जारी किया गया है। परीक्षा से एक घंटे पहले केंद्रों पर प्रश्न पत्र पहुंचाने की व्यवस्था है। पहले दिन दाेनाें कक्षा की वाेकेशनल विषय की परीक्षा हाेगी। वहीं इसका समापन 23 फरवरी को होगा।
वीक्षक भी कमरे में नहीं ले जा सकेंगे मोबाइल
जैक की ओर से सभी जिलाें काे अंक सह उत्तरपुस्तिका उपलब्ध करा दी गई है। साथ ही आदेश दिया गया है कि विषयवार प्रश्नपत्र परीक्षा शुरू हाेने से ठीक एक घंटा पहले काेषागार से केंद्र पर पहुंचेगा। इसका पैकेट कम से कम दाे परीक्षार्थी की मौजूदगी में खाेला जाएगा। जैक ने इसकी वीडियो रिकार्डिंग भी कराने काे कहा है। इसके साथ ही सभी केंद्राें पर सीसीटीवी कैमरा पूरी तरह एक्टिव रखने काे कहा गया है, ताकि राज्य स्तर पर परीक्षा की पूरी निगरानी की जा सके। परीक्षा प्रश्न पत्र केंद्र तक सुरक्षा घेरा में ले जाया जाएगा। प्रशासन की ओर से जारी निर्देश के तहत हर परीक्षा कक्ष में दो वीक्षक रहेंगे। उनकी जिम्मेदारी हाेगी कि वे अपने कक्ष में माैजूद सभी परीक्षार्थियाें की जांच करेंगे। केंद्र के अंदर वीक्षक भी माेबाइल नहीं ले जा सकेंगे। फाेन काे पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। परीक्षा केंद्र पर नियुक्त वीक्षक और कर्मचारी के लिए परिचय पत्र अनिवार्य किया गया है।
प्रशासन की ओर से यह निर्देश जारी किया गया
- परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षार्थियों की संख्या के बराबर ही प्रश्न पत्र-सह-उत्तरपुस्तिकाएं भेजी जाएंगी, आपात स्थिति से निपटने के लिए अलग से सभी विषयों की कुछ प्रश्न पत्र-सह-उत्तरपुस्तिकाएं सुरक्षित रूप में रखी जा रही हैं।
- परीक्षा केन्द्र पर प्रतिनियुक्त सभी कोटि के वीक्षकों/कर्मियों के गले में लैमिनेटेड एवं केन्द्राधीक्षक द्वारा हस्ताक्षरित फोटो युक्त परिचय पत्र रखना अनिवार्य होगा।
- केंद्र के परीक्षा नियंत्रक केन्द्राधीक्षक एवं सहायक केन्द्राधीक्षक को छोड़कर वीक्षक एवं परीक्षार्थियों के लिए मोबाईल एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक मशीन वर्जित रहेगा।
- परीक्षा कक्षावार सिटिंग प्लान कक्ष, मुख्य द्वार एवं मैदान में बड़े बोर्ड पर डिस्प्ले करना अनिवार्य होगा।
- सभी प्रखण्डों में प्रखण्ड स्तरीय परीक्षा कोषांग एवं जिला मुख्यालय में जिला स्तरीय परीक्षा कोषांग का गठन किया गया है जो परीक्षा समाप्ति तक प्रातः 07:00 बजे से रात्रि 07:00 बजे तक कार्य करता रहेगा।

