घाटशिला : टाटा से भुवनेश्वर जा रही शांति लता नामक यात्री बस में शनिवार को बहरागोड़ा और केरुकोचा के बीच अचानक भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि आग बस की बैटरी से शॉर्ट सर्किट के कारण लगी।

देखते ही देखते धू धू कर जलने लगी बस
आग ने देखते ही देखते पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस से धुआं निकलता देख चालक ने तुरंत वाहन रोक दिया और यात्रियों को नीचे उतारा। समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इससे बड़ा हादसा टल गया।
जल कर राख हो गया यात्रियों का सामान
हालांकि, यात्रियों के कई सामान जलकर खाक हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि बस पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में बैटरी से शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण माना जा रहा है।

