जमशेदपुर : जिले में चौकीदार भर्ती के लिए लिखित परीक्षा 22 दिसंबर (रविवार) को होगी। परीक्षा के लिए जिले में 13 परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं। परीक्षा के दौरान शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखने, निष्पक्ष और कदाचार मुक्त तरीके से परीक्षा संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से सारी तैयारी पूरी कर ली गयी है। इस क्रम में स्टैटिक, गश्ती, फ्लाइंग मजिस्ट्रेट, पुलिस ऑफिसरों की प्रतिनियुक्ति की गयी है। परीक्षा शांतिपूर्ण व कदाचारमुक्त परीक्षा संपन्न कराने को लेकर जिला समाहरणालय में शनिवार को सिटी एसपी ऋषभ गर्ग और एडीसी भगीरथ प्रसाद ने प्रतिनियुक्त स्टैटिक, गश्ती, फ्लाइंग मजिस्ट्रेट, पुलिस ऑफिसरों के साथ बैठक कर ब्रीफिंग की।
सुरक्षा व विधि-व्यवस्था के लिए प्रशासनिक तैयारी
उपायुक्त अनन्य मित्तल के निर्देश पर जिला समाहरणालय सभागार में सिटी एसपी ऋषभ गर्ग और एडीसी भगीरथ प्रसाद के नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक कदमों पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा सुबह 11 बजे से 12:30 बजे तक होगी। परीक्षा में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। इसके अलावा, वीडियोग्राफर भी तैनात किए जाएंगे।
परीक्षा केंद्रों पर रहेगी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
सभी परीक्षा केंद्रों के बाहर और अंदर पुलिस बल तैनात रहेगा। प्रत्येक परीक्षा कक्ष में इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर पूरी तरह से प्रतिबंध होगा, और सभी परीक्षार्थियों की फ्रिस्किंग की जाएगी। परीक्षा केंद्रों और आसपास की शांति बनाए रखने के लिए महिला पुलिसकर्मियों को विशेष रूप से तैनात किया गया है।
परीक्षा नियंत्रण कक्ष का फोन नंबर जारी
कार्यपालक दण्डाधिकारी मृत्युंजय कुमार, डीएसपी भोला प्रसाद सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने बैठक में संबंधित अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि परीक्षा के कागजात समय पर केंद्रों तक पहुंचें। इसके अलावा, एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जिसका फोन नंबर 0657-2440111 जारी किया गया है, जहां कोई भी परीक्षा से संबंधित समस्या या अफवाहों की सूचना दी जा सकती है।

