जमशेदपुर : टाटा स्टील यूआईएसएल ने स्वच्छता और सतत ऊर्जा की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने नवल टाटा हॉकी अकादमी और बड़ी मैदान में दो नए बायोगैस प्लांट्स का उद्घाटन किया। यह पहल न केवल विकेन्द्रीकृत वेस्ट मैनेजमेंट को बढ़ावा देती है, बल्कि नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में भी टाटा स्टील की मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

इन संयंत्रों का उद्घाटन टाटा स्टील के कॉर्पोरेट सर्विसेज के उपाध्यक्ष श्री **चाणक्य चौधरी ने किया। इस अवसर पर टाटा स्टील यूआईएसएल के एमडी ऋतुराज सिन्हा, टाउन इंफ्रास्ट्रक्चर के प्रमुख वरुण बजाज, टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी, महासचिव सतीश कुमार सिंह, टाउन ओ एंड एम के जीएम रविन्द्र कुमार सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
अब तक जमशेदपुर में होटलों और संस्थानों में कुल 25 बायोगैस यूनिट्स स्थापित की जा चुकी हैं, जिनसे रोजाना उत्पन्न होने वाले खाद्य अपशिष्ट का कुशलतापूर्वक निपटारा किया जा रहा है। ये संयंत्र न केवल कार्बन उत्सर्जन में कमी ला रहे हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी अहम भूमिका निभा रहे हैं।
टाटा स्टील यूआईएसएल अब इन संयंत्रों की क्षमता को और बढ़ाने की योजना बना रही है, जिससे स्थानीय निवासियों से भी खाद्य अपशिष्ट इकट्ठा कर उसका उपयोग ग्रीन एनर्जी उत्पादन में किया जा सके।
यह पूरी पहल टाटा स्टील के दीर्घकालिक सस्टेनेबिलिटी विज़न और रिन्यूएबल एनर्जी को अपनाने की रणनीति का हिस्सा है। कंपनी अपने रिस्पॉन्सिबल अर्बन डेवलपमेंट के मिशन में एक और मजबूत कदम आगे बढ़ा चुकी है।
Read also Jamshedpur Nanku Murder Case : साथी खोलेगा हत्या का राज

