Jamshedpur : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धातकीडीह स्थित तालाब में रविवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों की नजर जब तालाब में तैरते शव पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
जांच के दौरान मृतक की पहचान धातकीडीह ए-ब्लॉक निवासी 38 वर्षीय जिशान रियाज के रूप में हुई। घटना की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के अनुसार, जिशान शनिवार रात करीब 9 बजे घर से निकला था, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटा।
स्थानीय लोगों और परिवार के मुताबिक, जिशान को नशे की लत थी। आशंका जताई जा रही है कि नशे की हालत में वह तालाब के किनारे पहुंचा और संतुलन बिगड़ने से पानी में गिर गया। घटनास्थल के पास से उसके कपड़े और जूते भी बरामद हुए हैं, जिससे मामला और अधिक संदिग्ध हो गया है।
थाना प्रभारी अशोक दुबे ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
Read Also: Jamshedpur Theft : जमशेदपुर में करनडीह के हीरो सर्विस सेंटर में चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

