Jamshedpur : जमशेदपुर में मानगो के नेशनल हाईवे 33 पर टेलीफोन एक्सचेंज के बगल में स्थित लकड़ी टाल में गुरुवार को दोपहर बाद भीषण आग लग गई है। आग लगातार बढ़ती जा रही है। आग लगने की इस घटना में हजारों का नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलने पर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के प्रतिनिधि पप्पू सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने फौरन मानगो नगर निगम के अधिकारियों के अलावा अग्निशमन विभाग को सूचना दी। इसके बाद अग्निशमन विभाग की गाड़ी पहुंची और आग बुझाने की कोशिशें शुरू कर दी गई हैं।
बताते हैं कि आग जैसे ही लगी आसपास के लोगों ने पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की। लेकिन, वह कामयाब नहीं हुए और आग धीरे-धीरे बढ़ने लगी। इसके बाद जानकारी मिलने पर लोग वहां पहुंचना शुरू हुए हैं।
बुधवार को भी यहां लगी थी आग

विधायक प्रतिनिधि पप्पू सिंह ने बताया कि बुधवार को भी इसी लकड़ी टाल में आग लगी थी। सूचना मिलने पर वह वहां गए थे। अग्निशमन विभाग की गाड़ी बुलाकर आग बुझा दी गई थी। आशंका जताई जा रही है कि कहीं चिंगारी दबी रह गई थी। इसी चिंगारी ने धीरे-धीरे सुलग कर गुरुवार को दोपहर बाद फिर भयंकर आग का रूप अख्तियार कर लिया है।

