जमशेदपुर : शिक्षा विभाग ने कक्षा 1 से 7 तक के विद्यार्थियों की वार्षिक परीक्षा मार्च 2026 में आयोजित करने का निर्णय लिया है। यह परीक्षा 11 से 14 मार्च 2026 के बीच दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 12:30 बजे से 3 बजे तक होगी। विभाग ने सभी स्कूलों को परीक्षा को लेकर आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया है।
जारी निर्देश के अनुसार प्रश्नपत्रों की सुरक्षित व्यवस्था, परीक्षा कक्ष की तैयारी, विद्यार्थियों की उपस्थिति और परीक्षा के दौरान अनुशासन बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही विद्यालयों को वार्षिक मूल्यांकन सत्र 2025-26 के सफल संचालन के लिए विभागीय दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा। परीक्षा की विस्तृत समय सारणी भी जारी कर दी गई है।
पूर्वी सिंहभूम जिले में इस परीक्षा में करीब 1 लाख 20 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। परीक्षा सभी सरकारी व गैर-सरकारी सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) स्कूलों, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय, नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय और मॉडल विद्यालयों में आयोजित होगी। प्रश्नपत्र मुद्रण व अन्य कार्यों के लिए कक्षा 3 से 7 तक प्रति विद्यार्थी 16 रुपये की राशि उपलब्ध कराई गई है।
इन निर्देशों का भी पालन करना होगा
- कक्षा 1 और 2 के विद्यार्थियों की परीक्षा मौखिक रूप में होगी।
- कक्षा 3 से 7 तक के प्रश्न वस्तुनिष्ठ, लघु उत्तरीय और दीर्घ उत्तरीय प्रकार के होंगे।
- परीक्षा मुद्रित प्रश्नपत्र-सह-उत्तरपुस्तिका, प्रश्नपत्र और उत्तरपुस्तिका के माध्यम से होगी, जिसमें छात्र-छात्राएं उत्तर लिखेंगे।
- पहली पाली सुबह 9:30 से 12:00 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 12:30 से 3:00 बजे तक होगी।
- कक्षा 3 से 5 तक प्रत्येक विषय के लिए 60 अंक निर्धारित हैं।
- कक्षा 6 से 7 में प्रत्येक विषय 60 अंक का होगा, जबकि गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान में 50 अंक लिखित व 10 अंक प्रोजेक्ट के होंगे।
- कक्षा 1 से 7 के सभी प्रश्नपत्र-सह-उत्तरपुस्तिका जेसीईआरटी द्वारा गूगल ड्राइव के माध्यम से जिलों को उपलब्ध कराए जाएंगे। जिसका वे प्रिंटिंग कराकर बच्चों को देंगे।

