Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले के गुड़ाबांदा प्रखंड की बालीजुड़ी पंचायत स्थित माड़ोतुलिया गांव में हाथी के हमले से एक युवक की मौत हो गई है। मृतक का नाम अभिषेक मांडी (30) के है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि हाथी को गांव से दूर खदेड़ दिया जाए। ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो। लोगों ने वन विभाग पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि वन विभाग को चाहिए कि वह हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखे और इससे जनता को आगाह करे।
बताते हैं कि अभिषेक मांडी शनिवार को अपने दो साथियों के साथ बाइक से मेला देखने गया था। जब वह लौट रहा था तभी रास्ते में बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया। इसके बाद तीनों युवक बाइक को ठेलते हुए बालीजुड़ी तक पहुंचे। रात ज्यादा हो जाने की वजह से उसके दोनों साथी वहीं रुक गए। जबकि, अभिषेक मांडी अकेले ही पैदल अपने गांव के लिए चल पड़ा।
बताया जा रहा है कि रात में रास्ते में किसी समय जंगली हाथी ने उस पर हमला कर दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना कब और कैसे हुई, इसकी जानकारी किसी को नहीं हो सकी। रविवार सुबह जब ग्रामीणों की नजर सड़क किनारे पड़े शव पर पड़ी तो उन्होंने फौरन परिजनों और वन विभाग को सूचना दी।
घटनास्थल के आसपास हाथी के पैरों के निशान मिले हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत हाथी के हमले में ही हुई है। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
Read Also: potka Murder Case : पोटका में विवाहिता की हत्या कर पंखे से लटका दिया था शव, एफआईआर दर्ज

