Jamshedpur News : जमशेदपुर में 27 जून को भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा निकाली जाएगी। इसे लेकर शहर भर में तैयारियाँ तेज़ी से चल रही हैं। इस वर्ष लौहनगरी के 10 प्रमुख स्थानों से रथ यात्रा का आयोजन प्रस्तावित है। इसे शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है।

प्रभारी एसडीओ धालभूम गौतम कुमार ने बुधवार को डीएसपी ट्रैफिक और डीएसपी विधि व्यवस्था के साथ मिलकर परसुडीह, बिष्टुपुर और साकची सहित अन्य प्रमुख मार्गों का निरीक्षण किया। उन्होंने रथ यात्रा के संभावित रूट की स्थिति देखी और नगर निकायों को रास्तों की सफाई के निर्देश दिए।
बिष्टुपुर के राम मंदिर से मुख्य रथ यात्रा निकलेगी। इसके अलावा बाराद्वारी, मानगो, बेल्डीह के नागा मंदिर और कदमा के इस्कॉन मंदिर से भी रथ यात्राएँ निकलेंगी। कदमा की रथ यात्रा इस्कॉन मंदिर से प्रारंभ होकर रंकिणी मंदिर तक जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि अब तक 10 आयोजकों ने प्रशासन को रथ यात्रा की जानकारी देते हुए आवेदन सौंपा है। रूट निरीक्षण के दौरान देखा गया कि रथ यात्रा के मार्ग पर कोई बाधा न हो और श्रद्धालुओं को सुगमता से यात्रा में भाग लेने का अवसर मिले।
यात्रा के दिन कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न स्थानों पर मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। साथ ही, ट्रैफिक पुलिस द्वारा रूट डायवर्जन की योजना तैयार की जा रही है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
Read also Jamshedpur News: जमशेदपुर के सरकारी स्कूल में चोरी, चोरों ने पंखे, बल्ब और दीवार घड़ी पर किया हाथ साफ

