
Jamshedpur : टाटानगर से ट्रेनों के परिचालन से जुड़ी समस्याओं को लेकर सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी ने चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया के समक्ष सिख समाज की प्रमुख मांगें रखीं। कमेटी ने टाटानगर-जम्मू तवी एक्सप्रेस को सप्ताह में तीन दिन के बजाय प्रतिदिन चलाने और जलियांवाला बाग एक्सप्रेस को नवंबर से फरवरी तक रद्द रखने के फैसले को वापस लेने का आग्रह किया।
बैठक के दौरान सिख समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि टाटानगर से जम्मू तवी और जलियांवाला बाग एक्सप्रेस बड़ी संख्या में यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण ट्रेनें हैं। जम्मू तवी एक्सप्रेस के सीमित दिनों में परिचालन से यात्रियों को परेशानी होती है। वहीं, जलियांवाला बाग एक्सप्रेस को कई महीनों तक रद्द रखने से यात्रियों की दिक्कत और बढ़ सकती है। प्रतिनिधियों ने रेल प्रशासन से यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दोनों मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि टाटानगर से जम्मू और पंजाब की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए इन ट्रेनों का नियमित परिचालन बेहद जरूरी है।
इस पर डीआरएम तरुण हुरिया ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि मांगों से संबंधित जानकारी रेल मंत्रालय को लिखित रूप से भेजी जा चुकी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मामले में आगे जल्द कार्रवाई हो सकती है। डीआरएम के सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के कार्यालय पहुंचने पर सिख समाज के लोगों ने उनका स्वागत किया और मांगों पर पहल के लिए आभार जताया। प्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि रेल मंत्रालय यात्रियों की सुविधा को देखते हुए दोनों ट्रेनों के परिचालन को लेकर जल्द सकारात्मक फैसला करेगा।

