Jamshedpur : जमशेदपुर समेत आसपास के इलाकों में रहने वाले उपभोक्ताओं के लिए 1 अप्रैल 2026 से बिजली महंगी होने जा रही है। झारखंड विद्युत नियामक आयोग (जेईआरसी) ने टाटा स्टील ग्रुप की तीन बिजली कंपनियों के लिए नए टैरिफ ऑर्डर जारी कर दिए हैं, जो आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 से लागू होंगे।
आयोग ने टाटा स्टील यूआईएसएल, टाटा स्टील लिमिटेड और टाटा पावर कंपनी लिमिटेड के टैरिफ में सीमित बढ़ोतरी को मंजूरी दी है। हालांकि, कृषि और ग्रामीण घरेलू उपभोक्ताओं को राहत देते हुए उनके टैरिफ में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
कंपनी ने 17% बढ़ोतरी का प्रस्ताव दिया था, लेकिन आयोग ने केवल 2.58% वृद्धि को मंजूरी दी। घरेलू (अर्बन) उपभोक्ताओं के लिए बिजली दर 3.32 रुपये से बढ़ाकर 3.40 रुपये प्रति यूनिट कर दी गई है। कमर्शियल और इंडस्ट्रियल श्रेणियों में भी मामूली बढ़ोतरी की गई है।
कंपनी के 12% हाइक प्रस्ताव के मुकाबले 4.27% की वृद्धि स्वीकृत हुई है। घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 0-100 यूनिट तक 3.30 रुपये प्रति यूनिट और उससे अधिक खपत पर 5.50 रुपये प्रति यूनिट निर्धारित किया गया है। कमर्शियल और इंडस्ट्रियल दरों में भी बदलाव किया गया है।
कंपनी के जेनरेशन टैरिफ (यूनिट-2 और यूनिट-3) को मंजूरी दी गई है, जिसमें एआरआर (ऐनुअल रेवेन्यू रिक्वायरमेंट) के आधार पर दरें तय की गई हैं।
उपभोक्ताओं के लिए सुविधाएं
5 दिनों के भीतर बिल भुगतान पर 2% रिबेट
प्रीपेड मीटर अपनाने पर 3% छूट
सुरक्षा जमा राशि की वापसी
मीटर रेंट की अनुमति नहीं
क्या होगा असर?
इस निर्णय के बाद जमशेदपुर, टाटानगर और आसपास के लाखों उपभोक्ताओं को बिजली बिल में हल्की बढ़ोतरी का सामना करना पड़ेगा। हालांकि, ग्रामीण और कृषि उपभोक्ताओं को राहत मिलने से उन्हें किसी अतिरिक्त भार का सामना नहीं करना पड़ेगा। कंपनियों के अनुसार, यह टैरिफ “उपभोक्ता हित और सतत ऊर्जा विकास” को ध्यान में रखते हुए तय किया गया है, जिससे बेहतर बिजली आपूर्ति और सेवाओं में सुधार सुनिश्चित किया जा सके।

