Jamshedpur जमशेदपुर में सैरात बाजारों में दुकानों के किराए में बढ़ोतरी को लेकर व्यापारियों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी मुद्दे पर ऑल मार्केट एसोसिएशन की बैठक सिदगोड़ा बाजार समिति के तत्वावधान में सोमवार को आयोजित की गई। इसमें शहर के विभिन्न बाजारों से जुड़े दुकानदार शामिल हुए।
बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष रंजन सिंह ने की। जबकि, संचालन निखिल कुमार ने किया। इस दौरान व्यापारियों ने किराया वृद्धि के खिलाफ एकजुटता दिखाते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया। बैठक में ऑल मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष हरविंदर सिंह मंटू और महासचिव नसीम अंसारी समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
अध्यक्ष हरविंदर सिंह मंटू ने बताया कि किराया बढ़ोतरी को लेकर पहले ही जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति को मांग पत्र सौंपा गया था। इसमें यह स्पष्ट करने को कहा गया था कि किस नियम के तहत किराया बढ़ाया गया है, लेकिन अब तक कोई जवाब या दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराया गया है। इसके बावजूद दुकानदारों से बढ़ा हुआ किराया वसूला जा रहा है, जिसे उन्होंने मनमाना बताया।
किराया वृद्धि को ठहराया गया गलत
महासचिव नसीम अंसारी ने भी किराया वृद्धि को गलत ठहराते हुए कहा कि बिना किसी पूर्व सूचना और नियमों का पालन किए किराया बढ़ाना स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि कोई नया नियम लागू किया गया है तो उसे सार्वजनिक किया जाना चाहिए। बैठक में निर्णय लिया गया कि 31 मार्च को जेएनएसी कार्यालय के समक्ष एकदिवसीय शांतिपूर्ण धरना दिया जाएगा। साथ ही प्रशासन को रिमाइंडर पत्र देकर जवाब मांगा जाएगा। व्यापारियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की गई। इस मौके पर सिदगोड़ा बाजार के कई प्रमुख व्यापारी भी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में दुकानदारों की भागीदारी ने इस मुद्दे पर उनकी गंभीरता और एकजुटता को साफ तौर पर दिखाया।

