Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र के मिर्जाडीह गांव में कुलटांड टोला स्थित जंगल-झाड़ी से सोमवार को एक अज्ञात युवक का शव बरामद किया गया। शव सड़क से लगभग 30 फीट अंदर झाड़ियों के बीच पड़ा मिला। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। माना जा रहा है कि युवक की हत्या कर शव यहां फेंका गया है।
पुलिस के अनुसार शव काफी क्षत-विक्षत अवस्था में है। इससे मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जांच में मृतक की उम्र लगभग 30 वर्ष के आसपास आंकी गई है। आशंका जताई जा रही है कि उसकी मौत करीब 5-6 दिन पहले हुई होगी।
मृतक का चेहरा पूरी तरह खराब हो चुका है, जिससे पहचान करना मुश्किल हो रहा है। उसका कद करीब 5 फीट 2 इंच बताया गया है। युवक दाहिने हाथ में लोहे का कड़ा पहना हुआ था। वहीं कलाई के पास अंग्रेजी में “Love” लिखा टैटू बना हुआ है, जबकि उसी हाथ की कोहनी के पास एक डिजाइननुमा टैटू भी है।
मृतक ने शरीर पर नेवी ब्ल्यू या आसमानी रंग की टी-शर्ट है। इस पर अंग्रेजी में “FUTURE” लिखा हुआ है। नीचे काले रंग का लोवर है।
बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार ने लोगों से अपील की है कि यदि इस हुलिये या विवरण से मिलता-जुलता कोई व्यक्ति किसी भी थाना क्षेत्र से लापता हो, तो इसकी सूचना तत्काल बोड़ाम थाना को दें, ताकि शव की पहचान कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा सके।

