रांची : हजारीबाग और बोकारो जिलों के कोषागार से अवैध वेतन निकासी मामले की जांच में आज कुछ नए खुलासे हो सकते हैं। सीआईडी की एसआईटी बोकारो एसपी कार्यालय के लेखा शाखा का सिपाही कौशल पांडेय को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। एसआईटी कौशल पांडेय के सहयोगियों, संरक्षण देने वाले अधिकारियों के बारे में भी जानकारी जुटाएगी, ताकि जांच के दायरे को आगे बढ़ाया जा सके।
बोकारो-हजारीबाग के 850 बैंक खातों में संदिग्ध लेनदेन
अवैध वेतन निकासी की जांच कर रही सीआईडी की विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने अब तक बोकारो और हजारीबाग केस में 850 बैंक खातों की जानकारी जुटाई है, जिनकी जांच चल रही है। जिन खातों की जांच चल रही है, उनमें बोकारो के केस में 600 व हजारीबाग के केस में 250 खाते शामिल हैं। जांच के साथ ही सरकारी खातों से अवैध निकासी मामले में नए खुलासे हो रहे हैं। एसआईटी उन्हें फ्रीज कराती जा रही है।
ऐसे संदिग्ध लेनदेन वाले खाताधारकों को नोटिस भेजकर एसआईटी उनसे लेनदेन के माध्यम एवं अन्य जानकारी जुटाने में लगी है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर खाते फ्रीज कराए जा रहे हैं।
अब तक हजारीबाग में करीब 31 करोड़ और बोकारो में 11 करोड़ रुपये की अवैध निकासी का मामला उजागर हो चुका है। जांच बढ़ने के साथ ही गबन की राशि में भी वृद्धि हो सकती है।

