Home » RIMS Ranchi : रिम्स में अत्याधुनिक क्षेत्रीय नेत्र संस्थान का उद्घाटन, अब आंखों के इलाज के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भर नहीं रहेगा झारखंड: डॉ इरफान अंसारी

RIMS Ranchi : रिम्स में अत्याधुनिक क्षेत्रीय नेत्र संस्थान का उद्घाटन, अब आंखों के इलाज के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भर नहीं रहेगा झारखंड: डॉ इरफान अंसारी

by Nikhil Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची। झारखंड की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए शुक्रवार का दिन अहम रहा। रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में अत्याधुनिक क्षेत्रीय नेत्र संस्थान का उद्घाटन किया गया। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने इसे राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि अब आंखों के बेहतर इलाज के लिए मरीजों को चेन्नई, वेल्लोर या अन्य राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा। राज्य में ही आधुनिक तकनीक और विशेषज्ञ चिकित्सकों की मदद से नेत्र रोगों का समग्र उपचार उपलब्ध होगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि नए नेत्र संस्थान में मोतियाबिंद, कॉर्निया, रेटिना, ग्लूकोमा सहित आंखों से जुड़ी लगभग सभी जटिल बीमारियों का इलाज किया जाएगा। अत्याधुनिक उपकरणों और प्रशिक्षित विशेषज्ञों से लैस यह संस्थान न सिर्फ इलाज का केंद्र बनेगा, बल्कि नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में प्रशिक्षण और अनुसंधान को भी बढ़ावा देगा। इससे झारखंड के साथ-साथ आसपास के राज्यों के मरीजों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य राज्य के लोगों को अपने ही प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि इलाज के लिए दूसरे राज्यों में जाने की मजबूरी समाप्त हो। उन्होंने कहा कि आंखों की रोशनी बचाना केवल चिकित्सा का विषय नहीं, बल्कि लोगों को बेहतर और सम्मानजनक जीवन देने का प्रयास है। इसी सोच के साथ इस परियोजना को प्राथमिकता देकर पूरा किया गया है।
उन्होंने रिम्स-2 परियोजना का भी जिक्र करते हुए कहा कि इस महत्वाकांक्षी योजना का रास्ता अब पूरी तरह साफ हो गया है। सरकार का लक्ष्य अगले तीन वर्षों में रिम्स-2 का निर्माण पूरा करना है। इसके शुरू होने के बाद झारखंड में सुपर स्पेशियलिटी स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा और बड़ी संख्या में मरीजों को राज्य से बाहर इलाज के लिए नहीं जाना पड़ेगा।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि वे स्वयं डॉक्टर हैं और मरीजों की पीड़ा को अच्छी तरह समझते हैं। इसी कारण उनकी प्राथमिकता स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करना और आम लोगों तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में स्वास्थ्य क्षेत्र में कई और महत्वपूर्ण बदलाव किए जाएंगे, जिनका सीधा लाभ राज्य की जनता को मिलेगा।
उन्होंने डॉक्टरों के प्रति समाज के सकारात्मक रवैये की भी अपील की। उन्होंने कहा कि हर चिकित्सक पूरी निष्ठा और ईमानदारी से मरीज की जान बचाने का प्रयास करता है। इसलिए डॉक्टरों का मनोबल बढ़ाना और स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने में समाज का सहयोग जरूरी है।
कार्यक्रम में विधायक सुरेश कुमार बैठा, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, क्षेत्रीय नेत्र संस्थान के विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) सुनील कुमार, रिम्स के वरिष्ठ चिकित्सक, विशेषज्ञ डॉक्टर, चिकित्सा पदाधिकारी और स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Comment