RANCHI : झारखंड की राजधानी रांची के नगर निगम क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों तक आसानी से पहुंचाने के लिए अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। शहर के अलग-अलग वार्डों में संचालित इन स्वास्थ्य केंद्रों की जानकारी अब एक क्लिक पर उपलब्ध कराई गई है। नगर निगम की वेबसाइट पर इन केंद्रों की लोकेशन, फोटो और संबंधित संपर्क व्यक्ति का मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराया गया है, ताकि आम लोग अपने आसपास के स्वास्थ्य केंद्र तक आसानी से पहुंच सकें।
25 सेंटर चल रहे शहर में
रांची नगर निगम क्षेत्र में फिलहाल 25 अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर संचालित किए जा रहे हैं। ये केंद्र खासतौर पर शहरी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों, विशेषकर महिलाओं और गर्भवती माताओं के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाओं का मजबूत आधार बनते जा रहे हैं। यहां निःशुल्क जांच, डॉक्टरों की सलाह, दवाएं और स्वास्थ्य संबंधी जरूरी परामर्श उपलब्ध कराई जा रही है।
हर महीने लगता है कैंप
इन केंद्रों में विशेषज्ञ डॉक्टर, स्टाफ नर्स और अन्य स्वास्थ्यकर्मी नियमित रूप से सेवाएं दे रहे हैं। गर्भवती महिलाओं की देखभाल को प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक माह की 9 तारीख को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते हैं। इन शिविरों में महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच, एनीमिया, हाई ब्लड प्रेशर, मधुमेह जैसी जटिलताओं की पहचान की जाती है। इसके साथ ही अल्ट्रासाउंड से संबंधित मार्गदर्शन और जरूरी दवाएं भी मुफ्त दी जाती हैं।
नियमित की जा रही स्क्रीनिंग
सेंटर पर नियमित स्क्रीनिंग अभियान भी चलाया जा रहा है। इस पहल के माध्यम से हाई बीपी, डायबिटीज जैसी बीमारियों का शुरुआती स्तर पर पता लगाया जा रहा है। गर्भवती महिलाओं में संभावित जोखिमों की समय पर पहचान कर उन्हें बेहतर इलाज और सलाह उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अलावा हर महीने के पहले मंगलवार को इन केंद्रों में वैक्सीनेशन दिवस आयोजित होता है। इस दौरान गर्भवती महिलाओं, बच्चों और अन्य जरूरतमंद लोगों को टीकाकरण की सुविधा दी जाती है। परिवार नियोजन कार्यक्रम के तहत महिलाओं को आवश्यक परामर्श और जरूरी सामग्री भी उपलब्ध कराई जाती है।
रांची नगर निगम के अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर केवल इलाज तक सीमित नहीं हैं, बल्कि स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने का भी काम कर रहे हैं। डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और सामुदायिक संस्थानों में जाकर स्वच्छता, पोषण और स्वस्थ जीवनशैली को लेकर जागरूकता अभियान चला रहे हैं।

