Jamshedpur : जमशेदपुर में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा जमशेदपुर में निर्माणाधीन एलिवेटेड कॉरिडोर की प्रगति को लेकर डीसी ऑफिस सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। मीटिंग की अध्यक्षता डीसी कर्ण सत्यार्थी ने की। इस दौरान अतिक्रमण, भूमि अधिग्रहण, विद्युत लाइन, पेयजल पाइपलाइन शिफ्टिंग और विभिन्न विभागों से जुड़े लंबित मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे संबंधित विभागों के साथ तालमेल बनाते हुए एक हफ्ते के अंदर स्थल का संयुक्त रूप से निरीक्षण करें और जरूरी सर्वे के आधार पर समस्या का समाधान निकालें। अतिक्रमण के मामलों में स्वीकृत नक्शा और डिजाइन के अनुरूप जल्द काम शुरू करने तथा भूमि अधिग्रहण से जुड़े मामलों में समय पर अनुमन्य मुआवजा राशि का भुगतान सुनिश्चित करने को कहा गया।
गलत म्यूटेशन के मामलों पर कड़ा रुख अपनाते हुए उपायुक्त ने अंचल निरीक्षक जमशेदपुर को ऐसे मामलों को रद्द करने की कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया। वहीं बाबा तिलका माझी डिमना चौक से जुड़े विवाद पर अनुमंडल पदाधिकारी को वार्ता के माध्यम से समाधान निकालने को कहा गया।
उपायुक्त ने साफ किया कि सड़क परियोजनाएं क्षेत्र के समग्र विकास और आवागमन को मजबूत करने के लिए बेहद अहम हैं। इसलिए सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में, पारदर्शी तरीके से पूरे किए जाएं और इस दौरान मूलभूत नागरिक सुविधाएं बाधित न हों। उन्होंने सभी विभागों और एजेंसियों को आपसी तालमेल के साथ प्राथमिकता के आधार पर काम करने का निर्देश दिया।
बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी सबा आलम अंसारी, अपर उपायुक्त भागीरथ प्रसाद, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी गुंजन कुमारी सिन्हा, एसडीओ धालभूम चंद्रजीत सिंह, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, टाटा स्टील यूआईएसएल और संबंधित विभागों के कार्यपालक अभियंता मौजूद थे।

