RANCHI: बिहार के सीएम नीतीश कुमार के खिलाफ झारखंड की राजधानी रांची के इटकी थाना में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। यह शिकायत सोशल एक्टिविस्ट मो. मुर्तजा आलम द्वारा की गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान एक महिला का हिजाब खींचने की घटना अब व्यक्तिगत दायरे से निकलकर सार्वजनिक डोमेन पर है। उन्होंने शिकायत में लिखा है कि सार्वजनिक मंच पर किसी महिला के धार्मिक परिधान के साथ इस तरह का व्यवहार आपत्तिजनक है। शिकायत में ये भी कहा गया है कि ऐसी घटनाएं समाज में गलत संदेश देती हैं।
हर नागरिक का मौलिक अधिकार
मो. मुर्तजा आलम ने अपनी शिकायत में यह भी उल्लेख किया है कि धार्मिक पहचान और व्यक्तिगत सम्मान का संरक्षण हर नागरिक का मौलिक अधिकार है। सार्वजनिक पद पर बैठे व्यक्ति से अपेक्षा की जाती है कि वह अपने आचरण में विशेष सावधानी और संवेदनशीलता बरते। शिकायतकर्ता ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कानून के अनुसार उचित कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं इटकी थाना पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि की है। बताया गया कि मामले की प्रारंभिक जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि कुछ दिन पहले सीएम नीतीश ने एक उम्मीदवार को नियुक्ति पत्र बांटने के दौरान उसका हिजाब खींच दिया था। इसके बाद मामले को लेकर काफी हंगामा भी हुआ था।
READ ALSO: RANCHI RAIL NEWS: रांची रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, इतने लाख का गांजा पकड़ाया

