Jamshedpur : गोविंदपुर थाना क्षेत्र में पटेलनगर रोड नंबर-4 स्थित क्वार्टर नंबर-14 में चोरी हुई है। चोरों ने लाफार्ज कंपनी के ठेकाकर्मी कृष्णा प्रसाद के घर पर धावा बोला था। चोर यहां से घर का ताला तोड़कर नकदी समेत लगभग तीन लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात पार कर ले गए हैं। गुरुवार को एफआईआर दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। कृष्णा प्रसाद अपने परिवार के साथ इसी क्वार्टर में रहते हैं। पूरा परिवार दूसरी मंजिल पर सो रहा था। इसी दौरान चोरों ने मौके का फायदा उठाया।
चोरों ने क्वार्टर के मेन गेट का ताला तोड़ा और अंदर घुस गए।चोर सीधे पहली मंजिल पर कृष्णा प्रसाद के हिस्से में पहुंचे और वहां मौजूद कमरों को खंगाला। अलमीरा का लॉकर तोड़ दिया। इसमें रखे नकद रुपये और कीमती जेवरात चोरी कर लिए। चोरी गए जेवरात की अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई जा रही है।घटना का खुलासा उस वक्त हुआ जब सुबह कृष्णा प्रसाद की पत्नी तीसरी मंजिल से नीचे पहली मंजिल पर पहुंचीं।
मेन गेट का ताला टूटा देख उन्होंने शोर मचाया। इसके बाद परिवार को चोरी की जानकारी मिली।सूचना मिलते ही गोविंदपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घर का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पीड़ित कृष्णा प्रसाद के आवेदन पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

