Jamshedpur : जमशेदपुर के मानगो स्थित डिमना चौक पर हिंदू नववर्ष को लेकर निकले जुलूस के दौरान उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दो राजनीतिक गुटों के नेताओं के बीच विवाद बढ़कर हाथापाई में बदल गया।
गौरतलब है कि अलग-अलग हिंदू संगठनों द्वारा नववर्ष के अवसर पर जुलूस निकाला जा रहा था। एक जुलूस में पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता अपने समर्थकों के साथ शामिल थे, जबकि दूसरे जुलूस में विधायक सरयू राय मौजूद थे।इसी दौरान बन्ना गुप्ता के करीबी कांग्रेस नेता उपेंद्र सिंह मस्तान और सरयू राय के भतीजे व जदयू नेता आशुतोष राय के बीच अचानक टकराव हो गया। बताया जाता है कि जुलूस के दौरान आगे बढ़ने के क्रम में दोनों आमने-सामने आ गए, जिसके बाद कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए दोनों को अलग किया, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित किया जा सका।घटना की सूचना मिलते ही विधायक सरयू राय और पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता भी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक मामला शांत हो चुका था। इसके बाद जुलूस फिर से आगे बढ़ने लगा।फिलहाल, इस घटना को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है और मामला गर्मा गया है।

