Jamshedpur: जमशेदपुर के किताडीह में इमामबाड़ा मैदान में रेलवे बाउंड्री निर्माण कराने जा रहा था। रेलवे की टीम यह निर्माण कराने पहुंची थी। इलाके के लोगों ने इसका विरोध किया और बाउंड्री निर्माण शुरू नहीं होने दिया। इलाके के लोगों ने मंगलवार को बताया कि इस मैदान में सामाजिक और धार्मिक कार्य होते रहे हैं। इलाके के बच्चे इस मैदान में खेलते हैं। मैदान में रेलवे को बाउंड्री का निर्माण नहीं करने दिया जाएगा। बताया जा रहा है कि इसे लेकर क्षेत्र में तनाव है। लोगों का कहना है कि इस मैदान से हर साल मोहर्रम का अखाड़ा भी निकलता है और उर्स का भी आयोजन किया जाता है। इसी मैदान में विवाह समारोह भी आयोजित होते हैं। इस मैदान में बाउंड्री निर्माण का विरोध मोहर्रम कमेटी ने भी किया है। मोहर्रम कमेटी का कहना है कि अगर रेलवे को इस जमीन की जरूरत है और इस पर कोई निर्माण कराना है तो वह साफ जानकारी दें। वरना यहां बाउंड्री निर्माण नहीं करने दिया जाएगा। बिना वजह इस मैदान की घेराबंदी करना ठीक नहीं है।
लोगों कहना है कि अगर बेवजह मैदान की घेराबंदी की गई तो इलाके के लोगों को असुविधा होगी। कमेटी का कहना है कि अगर रेलवे ने जबरन बाउंड्री निर्माण करने की कोशिश की तो आंदोलन होगा। बताते हैं कि रेलवे की टीम जेसीबी मशीन लेकर मैदान पर पहुंची थी और चहारदीवारी का काम शुरू करने जा रही थी। तभी इलाके के लोगों ने इसका विरोध किया। इसके बाद, रेलवे की टीम को वापस लौटना पड़ा। इलाके के लोगों का कहना है कि जल्द ही एक प्रतिनिधिमंडल चक्रधरपुर जाकर डीआरएम से मुलाकात करेगा और अपनी मांगों को रखेगा। फिलहाल बाउंड्री निर्माण का कार्य रोक दिया गया है।

