Jamshedpur : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के शिव मंदिर रोड इलाके में बुधवार की रात चोरों ने एक के बाद एक तीन दुकानों को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी। अज्ञात चोरों ने योजनाबद्ध तरीके से दुकानों के ताले काटे और अंदर घुसकर नकदी समेत सामान पर हाथ साफ कर दिया।
गौरतलब है कि सबसे पहले चोर ‘अपना मार्ट’ का ताला तोड़कर दुकान में घुसे। इसके बाद उन्होंने ‘जनार्दन ज्वेलर्स’ को निशाना बनाया। जहां करीब 9 ताले तोड़े गए। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोर पूरी तैयारी के साथ वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे। वहीं ‘संतोषी भंडार’ के भी दो ताले काटे गए, जहां से करीब 25 हजार रुपये नकद और खाने-पीने का कुछ सामान चोरी कर लिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सुबह जब दुकानदार अपनी दुकान खोलने पहुंचे, तब चोरी की वारदात का पता चला। इसके बाद, फौरन परसुडीह थाना पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय व्यापारियों में आक्रोश है और उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है

