Jamshedpur : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में छायानगर दुर्गा मंदिर के सामने रहने वाली 19 वर्षीय युवती अंजना कुमारी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मंगलवार को पुलिस मामले की जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि शाम के वक्त घर के भीतर किसी तरह की हलचल नहीं होने पर पड़ोसियों को शक हुआ। जब दरवाजा खोलकर अंदर देखा गया तो अंजना कुमारी चुन्नी के सहारे फंदे से लटकी हुई मिली। इसके बाद फौरन इसकी सूचना सीतारामडेरा पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा।
बताया जा रहा है कि अंजना कुमारी अविवाहित थी और अपने परिवार के साथ छायानगर में रहती थी। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन गहरे सदमे में हैं और फिलहाल कुछ भी कहने की स्थिति में नहीं हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।
Read also Jamshedpur News : मानगो बनेगा नया पुलिस अनुमंडल, उच्चस्तरीय समिति ने दी स्वीकृति

