Jamshedpur : टाटा लीज नवीकरण को लेकर सरकार हरकत में आ गई है। राजस्व विभाग के निर्देश पर जिला प्रशासन ने इसके लिए कार्रवाई शुरू कर दी है। पहले चरण में लीज नवीरकण वाले क्षेत्र में अतिक्रमण की समीक्षा की जाएगी। देखा जाएगा कि जिन जमीनों का नवीकरण होना है और वह लीज क्षेत्र में आती हैं, उनमें से कितनी भूमि पर अतिक्रमण है और कितनी भूमि खाली है। इसके लिए डीसी ने अधिकारियों की क्रास फंक्शनल टीम तैयार की है। यह टीम नए साल पर एक जनवरी से अपना काम शुरू कर देगी। दूसरी तरफ, टाटा स्टील के अधिकारी भी लीज नवीकरण वाली भूमि पर अतिक्रमण की सूची तैयार कर रहे हैं। बाद में दोनों सूचियों का मिलान किया जाएगा और अंतिम सूची तैयार होगी।
क्रास फंक्शनल टीम एसडीओ धालभूम की अध्यक्षता में तैयार की गई है। इस टीम में नौ अधिकारी रखे गए हैं। इस टीम का काम नए साल से शुरू हो जाएगा। इस टीम में जितने भी अधिकारी हैं, उन्हें हिदायत दी गई है कि वह अपने अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों को लेकर धरातल पर उतर कर अतिक्रमण की जांच करें। इसकी रिपोर्ट तैयार कर डीसी ऑफिस को दें। साथ ही इन अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई भी सुनिश्चित करना टीम का काम है। टीम के अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वह हर दिन की प्रगति रिपोर्ट एसडीओ धालभूम को सौंपेंगे। वहां से यह रिपोर्ट प्रतिदिन डीसी ऑफिस भेजी जाएगी। इसके अलावा, सीओ जमशेदपुर को भी हिदायत दी गई है कि वह इलाके में अतिक्रमण हटाने का काम करें। अतिक्रमण हटाने के साथ ही दोषियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
अवैध इमारतों का कटेगा बिजली व पानी का कनेक्शन
इसके अलावा, डीसी ने शहर के विभिन्न इलाकों में सरकारी व टाटा लीज की भूमि से अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाने का फैसला लिया है। इसके लिए अधिकारियों की अलग से पांच टीमें बनाई गई हैं। डीसी ने कहा है कि जो लोग भी सरकारी या टाटा लीज की जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिन लोगों ने सरकारी और टाटा लीज की जमीनों पर अतिक्रमण कर लिया है उनके खिलाफ कार्रवाई के साथ ही अतिक्रमण कर बनाई गई इमारतों का बिजली पानी का कनेक्शन भी काट दिया जाएगा।
कहां कौन टीम चलाएगी अभियान
डीसी ने जो पांच टीमें बनाई हैं उनमें से टीम नंबर एक जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में अतिक्रमण का जायजा लेकर इसे हटाने और अतिक्रमण कारियों पर कार्रवाई करेगी। टीम नंबर दो को जमशेदपुर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। टीम नंबर ती जमशेदपुर पूर्वी और टीम नंबर चार जमशेदपुर पश्चिमी इलाके में नगर नगर पालिका अधिनियम के तहत कार्रवाई करेगी और अवैध निर्माण ध्वस्त किए जाएंगे। जबकि, टीम नंबर पांच सड़क किनारे होने वाले अतिक्रमणों पर कार्रवाई करेगी।
48 घंटे पहले क्षेत्र में की जाएगी माइकिंग
सभी टीम के अधिकारी अपने-अपने इलाके में जाकर अतिक्रमण की जांच कर उनकी सूची बनाएंगे। इसके बाद अतिक्रमण हटाओ अभियान का खाका तैयार किया जाएगा। देखा जाएगा कि अतिक्रमण हटाने के लिए कितनी जेसीबी की जरूरत है। कितने लोग चाहिए। इसके बाद अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने से 48 घंटे पहले उस इलाके में माइक से एलान कर दिया जाएगा। इसके बाद ही यहां से अतिक्रमण हटाया जाएगा। सभी टीम के अधिकारी मानगो नगर निगम और जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति को अतिक्रमण हटाने की रिपोर्ट देगी।
Read Also: PESA Rules : हाईकोर्ट सख्त; सचिव को टाइम फ्रेम तय करने का आदेश, बालू-खनिज नीलामी पर रोक बरकरार

