Jamshedpur : जमशेदपुर के औद्योगिक क्षेत्र में एक ठेका कर्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे परिजनों में आक्रोश फैल गया। मृतक की पहचान बर्मामाइन्स निवासी सत्यनारायण निशाद (48) के रूप में हुई है, जो टाटा स्टील में ठेका के तहत कार्यरत थे।
मिली जानकारी के अनुसार सत्यनारायण निशाद की ड्यूटी दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक थी। ड्यूटी खत्म कर जैसे ही वे कंपनी गेट से बाहर निकले, अचानक चक्कर खाकर गिर पड़े। मौके पर तैनात सुरक्षा गार्ड ने तुरंत इसकी सूचना प्रबंधन को दी, जिसके बाद उन्हें एंबुलेंस से टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों का आरोप है कि कंपनी और ठेकेदार की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। हालांकि ठेकेदार द्वारा सहयोग और उचित मुआवजे का आश्वासन दिया गया था, लेकिन सुबह तक उसके नहीं पहुंचने से परिजनों का गुस्सा भड़क उठा।
नाराज परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि उचित मुआवजा और सहायता नहीं मिली, तो वे कंपनी गेट पर प्रदर्शन और जाम करेंगे। घटना के बाद मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है, जिस पर प्रशासन नजर बनाए हुए है।
बताया जा रहा है कि मृतक वैध वर्कर पास के साथ ठेका कंपनी के माध्यम से कार्य कर रहे थे। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर चक्कर आने से गिरने की बात सामने आ रही है। पुलिस और कंपनी प्रबंधन मामले की जांच में जुटे हैं। जमशेदपुर में ड्यूटी के बाद ठेका कर्मी की मौत, गेट पर गिरने से गई जान, परिजनों का हंगामा, मुआवजे की मांग, जांच जारी।
Read also Jamshedpur News: चाकुलिया नगर परिषद को मिला नया नेतृत्व, सोमवारी सरेन ने ली अध्यक्ष पद की शपथ

