जमशेदपुर : जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार ऑफिस में कार्यरत कर्मचारी का कंप्यूटर पर आपत्तिजनक व फूहड़ वीडियो देखना अब यूनिवर्सिटी प्रशासन को भारी पड़ता नजर आ रहा है। इस मामले में परसुडीह निवासी पंकज सरदार ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से प्रभारी कुलपति और रजिस्ट्रार को लीगल नोटिस भेजा है।
बता दें कि पिछले दिनों यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार ऑफिस में एक लिपिक द्वारा कंप्यूटर पर आपत्तिजनक व फूहड़ वीडियो देखने का मामला प्रकाश में आया था। इससे संबंधित वीडियो वायरल होने के बाद पंकज सरदार ने अपने अधिवक्ता कमल अग्रवाल की मदद से उक्त नोटिस भेजा है। नोटिस में वायरल वीडियो का हवाला देते हुए कहा गया है कि एक सरकारी यूनिवर्सिटी के इलेक्ट्रॉनिक्स डिवाइस यथा कंप्यूटर, वाई-फाई आदि का अपने फूहड़ अथवा किसी भी तरह से मनोरंजन के लिए उपयोग सर्वथा अनुचित है। इस परिसर में बहन-बेटियां और शिक्षिकाएं और महिला कर्मचारी भी हैं। ऐसे में इस कृत्य को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
15 दिनों में कार्रवाई व जानकरी दे यूनिवर्सिटी
नोटिस में लिपिक के खिलाफ यथोचित कार्रवाई करते हुए 15 दिनों के अंदर जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया है। कहा गया है कि यदि यूनिवर्सिटी प्रशासन ऐसा नहीं करता है, तो इस मामले में महिला आयोग, विधिक प्रवर्तन एजेंसी, राज्य के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के अलावा संबंधित अन्य बोर्ड व विभागों में इसकी शिकायत की जाएगी। इसके साथ ही मामले में कानून की सहायता ली जाएगी।
यूनिवर्सिटी के प्रवक्ता को जानकारी नहीं
वायरल वीडियो के मामले में लीगल नोटिस में यूनिवर्सिटी के प्रॉक्टर सह प्रवक्ता डॉ. सुधीर कुमार साहू से पूछा गया। उन्होंने बताया इस मामले में फिलहाल उन्हें कुछ पता नहीं है।

