Jamshedpur : जमशेदपुर के सोनारी में 21 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना जॉगर्स पार्क के पास की बताई जा रही है। इससे पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
गौरतलब है कि शनिवार को किसी मामूली बात को लेकर युवक प्रदीप राम को उसकी मां ने हल्की डांट लगा दी थी। इस बात से वह काफी आहत हो गया और गुस्से में अपने कमरे में जाकर अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।
परिजनों ने शुरुआत में इसे सामान्य नाराजगी समझकर ज्यादा ध्यान नहीं दिया, लेकिन जब काफी देर तक कमरे से कोई हलचल नहीं हुई और प्रदीप ने आवाज देने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी, तो परिवार को चिंता होने लगी। कई बार दरवाजा खटखटाने के बावजूद जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, तो अनहोनी की आशंका में परिजनों ने दरवाजा तोड़ दिया।
दरवाजा खुलते ही अंदर का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए। प्रदीप कमरे में फंदे से लटका हुआ था। आनन-फानन में परिजन उसे नीचे उतारकर इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

