Home » गोलियों से गूंजा पतरातू : ओसम प्लांट पर हमला, गैंग बोला- अभी तो शुरुआत है

गोलियों से गूंजा पतरातू : ओसम प्लांट पर हमला, गैंग बोला- अभी तो शुरुआत है

by Rakesh Pandey
FIRING
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रामगढ़ : झारखंड के रामगढ़ जिले में शनिवार तड़के हुई फायरिंग की घटना ने औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पतरातू स्थित ओसम मिल्क प्लांट को निशाना बनाते हुए अज्ञात अपराधियों ने सुबह करीब 6 बजे कई राउंड गोलियां चलाईं। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई, हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ।

कैसे हुई घटना

बाइक सवार अपराधी प्लांट के पास पहुंचे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। कुछ ही मिनटों में कई राउंड गोलियां चलाने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों में भय का माहौल बन गया और स्थानीय स्तर पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू की। पुलिस को मौके से कई कारतूस के खोखे मिले हैं, जिन्हें जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है।

सोशल मीडिया पोस्ट से मचा हड़कंप

इस फायरिंग की घटना के बाद कुख्यात राहुल दुबे गैंग ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर हमले की जिम्मेदारी ली है। वायरल पोस्ट में प्लांट मालिक अनिरुद्ध को सीधी चेतावनी देते हुए इसे ‘सिर्फ एक संकेत’ बताया गया है।

पोस्ट में यह भी कहा गया है कि भविष्य में इससे भी बड़ा हमला किया जा सकता है। इतना ही नहीं, गैंग ने मालिक के परिवार को भी निशाना बनाने की धमकी दी है, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल इस पोस्ट की सत्यता की जांच की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि वास्तव में इस घटना के पीछे उक्त गैंग का ही हाथ है या नहीं।

जांच एजेंसियां तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय इनपुट के आधार पर अपराधियों की पहचान करने में जुटी हैं। इसके साथ ही, इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है, ताकि किसी भी संभावित घटना को रोका जा सके।

Read Also- Love, Lie और Location : दुमका के सास-दामाद की कहानी गुरुग्राम में खत्म

Related Articles