Home » Jamtara News: छात्रा की तबीयत बिगड़ी, प्रबंधन ने स्वजनों को बुला बाहर बिठाए रखा, इधर चलता रहा एनुअल फंक्शन, हो गई मौत

Jamtara News: छात्रा की तबीयत बिगड़ी, प्रबंधन ने स्वजनों को बुला बाहर बिठाए रखा, इधर चलता रहा एनुअल फंक्शन, हो गई मौत

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamtara : नारायणपुर कस्तूरबा में इंटर में पढ़ने वाली छात्रा की शनिवार को इलाज के क्रम में नारायणपुर सीएचसी में मौत हो गई। बच्ची की मौत के बाद उसके स्वजनों व पंचायत प्रतिनिधियों ने विद्यालय प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं और छात्रा की मौत के लिए विद्यालय प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया है। परिजनों ने विद्यालय प्रबंधन के जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की, साथ ही उचित मुआवजा दिलाए जाने की दिशा में पहला का अनुरोध किया गया है।

छात्रा नारायणपुर थाना क्षेत्र के कुमारपहाड़ी के वीर टुडू की पुत्री छमोली टुडू थी और वह कस्तूरबा विद्यालय में 11वीं की छात्रा थी।मृतक के भाई सकोल टुडू व नरेश हांसदा ने बताया कि छमोली की तबीयत शुक्रवार की शाम से ही खराब थी। छात्रा को लूज मोशन के साथ उल्टी दस्त भी हो रहा था। लेकिन विद्यालय प्रबंधन उसे वहीं दवा देकर इत्मिनान हो गया। शनिवार की सुबह छात्रा के स्वजनों को बच्ची की तबीयत खराब होने की सूचना दी गई। लेकिन छात्रा का भाई सुबह 11 बजे विद्यालय पहुंचा तो उसे प्रबंधन की ओर से बाहर ही रोककर रखा गया। उसे बताया गया कि अंदर स्कूल का एनुअल फंक्शन चल रहा है।

इस दौरान तकरीबन उसने डेढ़ घंटे तक बाहर ही अपनी बहन का इंतजार किया। लेकिन इसी बीच चमोली टूडू की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई और वह अचेत हो गई। सूचना मिलने के बाद विद्यालय प्रबंधन द्वारा आनन-फानन में छात्रा को उपचार के लिए सीएससी नारायणपुर लाया गया। जहां छात्रा को बचाने का भरपूर प्रयास किया गया, लेकिन इस दौरान उसकी मौत हो गई।

परिजनों की मानें तो समय पर उपचार होने से छात्रा की जान बच सकती थी। घटना की सूचना मिलने के बाद छात्रा के परिजन व अन्य लोग अस्पताल पहुंचे और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। इस क्रम में नारायणपुर पंचायत की मुखिया मुनी मरांडी, बाबूलाल किस्कू, वीरेंद्र प्रताप हेम्ब्रम, सुनीता मरांडी, दिलीप बास्की, पवन पोद्दार आदि पहुंचे और मामले की जांच की। रविवार को छात्रा के शव का पोस्टमार्टम होगा। थाना प्रभारी मुराद हसन ने लोगों को आश्वस्त किया कि स्वजन आवेदन दें, आगे की कार्रवाई होगी।

वहीं सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा प्राधिकारी डाक्टर एके सिंह की मानें तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही छात्रा की मौत के कारणों का पता चल पाएगा। विद्यालय की वार्डन पारुल मांझी ने बताया कि छात्रा की तबीयत खराब होने पर विद्यालय में दवा दी गई थी। स्थिति में सुधार नहीं होने पर छात्रा को उपचार के लिए सीएससी नारायणपुर लाया गया, जहां बच्ची का निधन हो गया है। उन्होंने बताया कि गुरुवार को ही छात्रा घर से विद्यालय आई थी।

Related Articles

Leave a Comment