जमशेदपुर : नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित जेईई मेन अप्रैल सत्र की परीक्षा गुरुवार से शुरू हो गई। जमशेदपुर में पहले दिन की परीक्षा शहर के तीन परीक्षा केंद्रों में संपन्न हुई, जिसमें करीब 1 हजार से अधिक परीक्षार्थी शामिल हुए। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक चली, जबकि दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित हुई। परीक्षा के लिए परीक्षार्थियों को निर्धारित समय से दो घंटे पहले ही केंद्र में प्रवेश दिया गया। इस दौरान सभी अभ्यर्थियों की कड़ी जांच की गई और फोटो पहचान पत्र से मिलान के बाद ही उन्हें प्रवेश की अनुमति मिली।
परीक्षा शुरू होने से आधे घंटे पहले केंद्र का गेट बंद कर दिया गया था। केंद्र के बाहर चेकिंग के दौरान परीक्षार्थियों की लंबी कतारें भी देखने को मिलीं। वहीं अभिभावक केंद्र के बार बच्चों को इंतजार करते नजर आए। पहले दिन बीई-बीटेक पाठ्यक्रम के लिए परीक्षा आयोजित की गई। पूरी परीक्षा कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। एनटीए के अनुसार, अगले चरण की परीक्षा 4 अप्रैल को आयोजित की जाएगी, जिसके लिए भी सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
छात्रों ने बताया पेपर का स्तर औसत, मैथ्स में दिखी कठिनाई
जेईई मेन अप्रैल सत्र की पहली शिफ्ट की परीक्षा देकर बाहर निकले छात्रों ने पेपर को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रिया दी। प्रशांत कुमार ने बताया कि कुल मिलाकर प्रश्नपत्र औसत स्तर का था, हालांकि मैथ्स के इंटीजर टाइप सवाल कुछ ट्रिकी थे। वहीं रिया शर्मा ने कहा कि जेईई जैसी परीक्षा में आसान पेपर की उम्मीद नहीं की जा सकती। उन्होंने बताया कि हर बार की तरह इस बार भी फिजिक्स और मैथ्स ने छात्रों को उलझाया, लेकिन फिजिक्स में लगभग सभी टॉपिक्स से सवाल पूछे गए। कार्तिकेय तिवारी के अनुसार, इस बार मैथ्स के प्रश्न पिछले सत्र की तुलना में अधिक कठिन रहे।
आगे ऐसे होगी परीक्षा
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की ओर से जेईई मेन 2026 के दूसरे सत्र की परीक्षाएं अप्रैल से 8 अप्रैल तक होगा। इंजीनियरिंग (बीई/बीटेक) के लिए पेपर-1 की परीक्षा 4, 5, 6 और 8 अप्रैल को होगी, जबकि आर्किटेक्चर और प्लानिंग (बी आर्क/ बी प्लानिंग) के लिए पेपर-2 का आयोजन 7 अप्रैल को किया जाएगा। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों (शिफ्ट) में सुबह 9 से 12 और दोपहर 3 से 6 बजे तक होगी।
Read Also: Jharkhand Government Jobs : तकनीकी संस्थानों में आ रही बंपर वकेंसी, जल्द आमंत्रित किए जाएंगे आवेदन

