RANCHI: झारखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष और पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने कहा कि झारखण्ड के कलाकारों में अपार प्रतिभा है। वे प्रदेश के सभी कलाकारों को ऊंचाई तक ले जाने के साथ उनकी क्षमताओं को और अधिक बढ़ाने में पूरी मदद करेंगे। रविवार को होटल बीएनआर में आयोजित झारखंडी क्षेत्रीय कलाकार सोसाइटी के शपथ ग्रहण समारोह में उन्होंने कहा कि झारखण्डी कला, संस्कृति को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य की लोक कला, पारंपरिक नृत्य, संगीत और रंगकर्म को संरक्षित करने के लिए एक मजबूत संगठन के साथ बेहतर प्लेटफॉर्म की आवश्यकता है। सोसाइटी इस दिशा में कार्य करेगी। साथ ही कलाकारों को आधुनिक तकनीक और प्रशिक्षण के जरिए अपनी कला को अपग्रेड करना होगा। कार्यक्रम के दौरान नव-निर्वाचित पदाधिकारियों ने शपथ ली, जिसमें पवन रॉय ने अध्यक्ष के रूप में शपथ ली। बंधु तिर्की ने सभी को शुभकामनाएं दी। उन्होंने विश्वास जताया कि वे पूरी एकजुटता और संकल्प के साथ कार्य करेंगे।

