रांची । बुधवार को झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दौरान मनरेगा को उसके पुराने नाम से ही जारी रखने का संकल्प पारित किया गया। यह संकल्प राज्य की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने सदन में पेश किया।
मनरेगा के तहत 100 की जगह 150 दिन रोजगार उपलब्ध कराने की मांग
संकल्प में केंद्र सरकार की ‘वीबी-जी राम-जी’ अधिनियम की जगह मनरेगा को ही जारी रखने की बात कही गई। साथ ही मनरेगा के तहत 100 दिनों के बजाय 150 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराने का अनुरोध भी किया गया।
सदन में प्रस्तुत प्रस्ताव में कहा गया कि ‘वीबी-जी राम-जी’ अधिनियम के प्रावधानों की समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि इससे रोजगार की कानूनी गारंटी, मानव दिवसों की सुरक्षा, ग्राम सभा की शक्तियों और राज्य के वित्तीय हितों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसलिए राज्य के हित में मनरेगा को ही जारी रखना आवश्यक है।
समीक्षा के बाद अधिनियम को लेकर अधिकारियों ने जताई थी चिंता
इसके अलावा, 5 जनवरी-2026 को इस विषय पर एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें उप विकास आयुक्त, प्रखंड विकास पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और अन्य संबंधित पक्ष शामिल हुए थे। समीक्षा के बाद इस अधिनियम को लेकर कई चिंताएं जताई गईं।
संकल्प में यह भी कहा गया कि नए प्रावधानों से काम मांगने पर रोजगार मिलने की कानूनी गारंटी समाप्त हो सकती है, काम के दिनों में कमी आ सकती है। साथ ही इससे महिलाओं के सशक्तीकरण पर असर पड़ेगा और पलायन बढ़ने की आशंका है। साथ ही इससे राज्य पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ भी पड़ सकता है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विधानसभा अध्यक्ष को भेंट की ‘झारखंड राइजिंग’ पुस्तक
रांची । रांची स्थित झारखंड मंत्रालय में बुधवार को मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो से शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विधानसभा अध्यक्ष को राज्य सरकार की ओर से प्रकाशित “झारखंड राइजिंग: ए ग्लोबल स्टोरी” पुस्तक और एक कॉफी टेबल बुक भेंट की।
इस पुस्तक में जनवरी माह में मुख्यमंत्री के नेतृत्व में 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के दावोस और यूनाइटेड किंगडम (लंदन) दौरे का विस्तृत विवरण शामिल है, जबकि कॉफी टेबल बुक में राज्य सरकार के विकासात्मक कार्यों की समग्र जानकारी प्रस्तुत की गई है। मौके पर मुख्यमंत्री ने संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी को भी “झारखंड राइजिंग: ए ग्लोबल स्टोरी” पुस्तक और कॉफी टेबल बुक भेंट की।

