- डहरडीह पुल के पास अपराधियों ने दिया वारदात को अंजाम
Brrmo (Jharkhand) : झारखंड के बोकारो जिले के पेटरवार थाना क्षेत्र अंतर्गत पिछरी स्थित डहरडीह पुल के पास मंगलवार देर रात एक युवक की नृशंस हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान गुलचंद मिश्रा उर्फ गल्लू मिश्रा के 25 वर्षीय पुत्र विपुल कुमार मिश्रा के रूप में हुई है। हत्या के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है और आक्रोशित ग्रामीणों ने फुसरो-जैनामोड़ मुख्य मार्ग को सुबह 7 बजे से जाम कर दिया, जो दोपहर तक भी नहीं हट पाया।
शव के पास मिली कुल्हाड़ी, सिर पर किए गए कई वार
मंगलवार रात विपुल अपने दोस्त के साथ कार से कहीं जा रहा था। स्थानीय लोगों के अनुसार, रात के करीब 11 बजे डहरडीह पुल के पास चीखने की आवाज सुनाई दी। जब लोग वहां पहुंचे तो विपुल जमीन पर लहूलुहान हालत में बेसुध पड़ा था और उसके पास एक खून से सनी कुल्हाड़ी पड़ी थी। उसके सिर पर कुल्हाड़ी से कई बार वार किए गए थे, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच में लगा खोजी कुत्ता
घटना की जानकारी मिलते ही पेटरवार थाना प्रभारी राजू मुंडा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने खोजी कुत्ते की मदद से सुराग जुटाने की कोशिश की, लेकिन फिलहाल कोई ठोस सफलता हाथ नहीं लगी है। पुलिस ने संदेह के आधार पर एक स्थानीय युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
15 किलोमीटर तक जाम, आवागमन ठप
हत्या की सूचना मिलते ही विपुल के परिजन और स्थानीय ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। बुधवार सुबह सात बजे से उन्होंने फुसरो-जैनामोड़ मुख्य सड़क को जाम कर दिया, जो दोपहर बाद तक जारी रहा। इस कारण पूरे मार्ग पर करीब 15 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। इस दौरान एंबुलेंस, स्कूल बस और जरूरी सामान लाने वाले वाहनों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
हत्या के पीछे क्या है कारण, अब तक स्पष्ट नहीं
फिलहाल हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना का कारण पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या कुछ अन्य तो नहीं है।

