रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में गुरुवार को राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक होगी। यह बैठक झारखंड विधानसभा की कार्यवाही समाप्त होने के तुरंत बाद प्रोजेक्ट भवन में शाम करीब 5 बजे प्रस्तावित है। बैठक में कई योजनाओं और नीतिगत फैसलों पर मुहर लग सकती है। मिली जानकारी के अनुसार, बैठक में शहरी क्षेत्रों में बढ़ते अवैध निर्माण को कानूनी दायरे में लाने के लिए अनधिकृत रूप से निर्मित भवनों के नियमितीकरण नियम, 2026 को मंजूरी देने पर विचार किया जाएगा।
प्रस्ताव के अनुसार, आवासीय के साथ-साथ गैर-आवासीय भवनों को भी निर्धारित शुल्क लेकर नियमित किया जा सकेगा। इसके अलावा शुल्क को किस्तों में जमा करने की सुविधा और आवेदन अस्वीकृत होने की स्थिति में जमा राशि लौटाने का प्रावधान भी रखा गया है। इसके साथ ही राज्य के सभी शहरी स्थानीय निकायों में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 को लागू करने के प्रस्ताव पर भी कैबिनेट की मुहर लग सकती है। बैठक में आवारा कुत्तों के बढ़ते हमलों को देखते हुए नियंत्रण से जुड़ा प्रस्ताव भी रखा जाएगा। अरगोड़ा, चापू टोली रोड की भी मंजूरी लेने का प्रयास किया जा रहा है। इसके अलावा भी दो दर्जन से अधिक प्रस्तावों पर मुहर लगेगी।

