रांची : अक्सर सुर्खियों में रहने वाले राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी बुधवार को साइकिल चलाकर विधानसभा पहुंचे। मंत्री को साइकिल चलाकर जाते हुए देख सड़क पर भीड़ लग गई। इस क्रम में मंत्री ने स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता तथा पेट्रोल-डीजल की कीमतों में वृद्धि का हवाला दिया।
क्या कहा स्वास्थ्य मंत्री ने
झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दौरान मंत्री के इस कदम को लेकर राजनीतिक हलकों एवं आम लोगों में भी चर्चा होती रही। विधानसभा परिसर पहुंचने के बाद उन्होंने कहा कि साइकिल से आने का उद्देश्य केवल प्रतीकात्मक नहीं, बल्कि लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना भी है।
पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमत में साइकिल सस्ता विकल्प
उन्होंने कहा कि आज पेट्रोल और डीजल की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे में साइकिल एक बढ़िया और सस्ता विकल्प हो सकता है। साइकिल से शरीर स्वस्थ रहता है और कई प्रकार की बीमारियों का खतरा भी कम हो जाता है। इसलिए लोगों को अपने दैनिक जीवन में साइकिल चलाने की आदत डालनी चाहिए। नियमित व्यायाम और साइकिलिंग से फिट रहना आसान होता है।
कहा- मिलेंगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं
मंत्री ने बताया कि बुधवार को विधानसभा में स्वास्थ्य विभाग के बजट पर भी चर्चा होनी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सदन में सकारात्मक चर्चा होगी और राज्य की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे।
बढ़ती महंगाई पर जताई चिंता
मंत्री ने देश में बढ़ती महंगाई पर भी चिंता जताई। कहा कि एलपीजी सहित कई आवश्यक वस्तुओं के दाम बढ़ने से आम लोगों, खासकर महिलाओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए इरफान अंसारी ने कहा कि रामनवमी के दौरान डीजे बजाने के मुद्दे पर भाजपा का धरना केवल राजनीतिक नाटक है।

