Jamshedpur : कोल्हन विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित सेकंड सेमेस्टर की परीक्षा में मंगलवार को गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया। प्रथम पाली में कॉमर्स संकाय के छात्रों की परीक्षा निर्धारित थी, जिसमें “एनवायरनमेंट एंड वाटर मैनेजमेंट” विषय का पेपर होना था। लेकिन परीक्षा केंद्रों पर छात्रों को गलती से “एनवायरनमेंटल इकोनॉमिक्स” का प्रश्नपत्र थमा दिया गया, जो सामान्यतः साइंस संकाय के विद्यार्थियों के लिए निर्धारित होता है।
अचानक बदले प्रश्नपत्र को देखकर परीक्षा हॉल में मौजूद छात्र हैरान रह गए। कई छात्रों ने तुरंत इसकी शिकायत परीक्षा केंद्र के अधिकारियों से की, लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। आरोप है कि परीक्षा विभाग ने स्थिति को सुधारने के बजाय छात्रों को उसी गलत प्रश्नपत्र के साथ परीक्षा देने के लिए कहा।
इस घटना के बाद छात्रों में भारी आक्रोश देखा गया। उनका कहना है कि जिस विषय की तैयारी कर वे परीक्षा देने पहुंचे थे, उसकी जगह दूसरे विषय का पेपर देना उनके साथ अन्याय है। कई छात्र ऐसे भी रहे, जिन्होंने प्रश्नपत्र समझ नहीं आने के कारण उत्तर पुस्तिका में कुछ भी नहीं लिखा।
छात्र प्रतिनिधि सागर ओझा ने इस पूरे मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह विश्वविद्यालय की बड़ी लापरवाही है और इससे छात्रों का भविष्य प्रभावित हो सकता है। उन्होंने मांग की कि आज की परीक्षा को तत्काल रद्द किया जाए और नई तिथि घोषित कर पुनः परीक्षा आयोजित की जाए। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि इस गड़बड़ी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों। फिलहाल छात्र विश्वविद्यालय प्रशासन से उचित निर्णय की उम्मीद कर रहे हैं। वही कोल्हान विश्वविद्यालय की परीक्षा नियंत्रक रिंकी डोराई ने कहा कि वह इस पूरे मामले को देखेंगे की कहां पर चुप हुई है आगे छात्र हित में जो होगा वह फैसला लिया जाएगा।

