Jamshedpur : जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय (जेडब्ल्यूयू) प्रशासन ने एक आधिकारिक नोटिस जारी कर विश्वविद्यालय में कार्यरत सभी सेवानिवृत्त शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों को सेवामुक्त करने का निर्णय लिया है। विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार (प्रभारी) डॉ. सलोमी कुजुर द्वारा हस्ताक्षरित इस आदेश के अनुसार, यह निर्णय झारखंड सरकार के योजना-सह-वित्त विभाग के नियमों और 1+1+1 प्रणाली के तहत लिया गया है।
नोटिस के मुताबिक, जो भी सेवानिवृत्त कर्मचारी वर्तमान में किसी भी क्षमता में अपनी सेवाएँ दे रहे हैं, उनका कार्यकाल 30 अप्रैल 2026 को समाप्त हो जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 65 वर्ष की आयु या निर्धारित सिस्टम के नियमों के आधार पर यह कार्रवाई की जा रही है। संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिया गया है कि वे 30 अप्रैल तक अपनी सभी औपचारिकताओं को पूरा कर लें और अपना कार्यभार संबंधित विभाग के प्रमुख या अधिकारी को सौंप दें। इस आदेश की प्रति कुलपति और सभी संबंधित विभागों को भेज दी गई है।
महिला विश्वविद्यालय में महिला उद्यमिता पर विशेष व्याख्यान का आयोजन
महिला विश्वविद्यालय के बिस्तुपुर परिसर में मंगलवार, को “बाधाओं को तोड़ना: 21वीं सदी में उद्यमिता को पुनर्परिभाषित करने वाली महिलाएं” विषय पर एक ऑनलाइन सत्र आयोजित किया गया। माननीय कुलपति प्रो. एला कुमार के दूरदर्शी नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को स्वरोजगार के प्रति प्रेरित करना था। सत्र की मुख्य वक्ता कैंपस कैटालिस्ट कंसल्टिंग की संस्थापक निदेशक डॉ. स्वेता वर्मा रहीं। उन्होंने छात्राओं को स्टार्टअप और इनोवेशन यात्रा के बारीक पहलुओं से रूबरू कराया। डॉ. वर्मा ने बताया कि कैसे दृढ़ संकल्प के साथ चुनौतियों को अवसरों में बदला जा सकता है। इस कार्यक्रम में व्यावसायिक विभाग के लगभग 150 छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान संकाय सदस्य डॉ. भारती वार्ष्णेय और डॉ. रितेश कुमार ठाकुर भी उपस्थित रहे।
Read Also: Kolhan University: कोल्हान विश्वविद्यालय की परीक्षा में भारी गड़बड़ी, छात्रों में आक्रोश

