Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले के निजी स्कूलों में गरीब एवं वंचित वर्ग के बच्चों के लिए आरक्षित 25 प्रतिशत सीटों पर नामांकन प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। सोमवार को उपायुक्त कार्यालय में लॉटरी सिस्टम से कुल 1205 बच्चों का चयन विभिन्न स्कूलों के लिए किया गया।
जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय द्वारा संचालित यह पूरी प्रक्रिया चार महीनों से जारी थी। इस दौरान अभिभावकों से प्राप्त आवेदनों की गहन जांच और सत्यापन किया गया। जानकारी के अनुसार, नामांकन के लिए कुल 3085 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से जांच के बाद 2515 आवेदन वैध पाए गए। इन्हीं वैध आवेदनों में से लॉटरी के जरिए अंतिम रूप से 1205 बच्चों का चयन किया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पूरी चयन प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया गया, ताकि पात्र बच्चों को शिक्षा का समान अवसर मिल सके। चयनित बच्चों की सूची आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है, जिससे अभिभावक आसानी से अपने बच्चों का नाम देख सकें।
जिला प्रशासन ने यह भी निर्देश दिया है कि जिन बच्चों का चयन हुआ है, उनका नामांकन गर्मी की छुट्टियों से पहले संबंधित स्कूलों में सुनिश्चित किया जाए। यह पहल शिक्षा के अधिकार के तहत वंचित वर्ग के बच्चों को मुख्यधारा की शिक्षा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Read Also: Kolhan University: कोल्हान विश्वविद्यालय की परीक्षा में भारी गड़बड़ी, छात्रों में आक्रोश

